Amrit Kashyap murder case:मेरठ के बहसुमा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले अकबरपुर सादात गांव से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पति की बेरहमी से हत्या कर दी। इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पत्नी ने इसे प्राकृतिक मौत (सर्पदंश) का रूप देने की पूरी कोशिश की थी, लेकिन पुलिस की सतर्कता और पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने इस साजिश का पर्दाफाश कर दिया।
साथ काम करने वाले अमरदीप से हुआ था प्रेम प्रसंग
Amrit Kashyap murder case:मृतक अमित कश्यप पेशे से टाइल और पत्थर लगाने का काम करता था। इसी काम के सिलसिले में अमरदीप भी अमित के साथ ही काम करता था। अमरदीप का अमित के घर आना-जाना था, जिसके चलते उसकी नजदीकियां अमित की पत्नी रविता कश्यप के साथ बढ़ गईं। समय के साथ दोनों के बीच अवैध संबंध गहरे होते चले गए। जब अमित को अपनी पत्नी और अमरदीप के प्रेम प्रसंग की भनक लगी, तो उसने इसका कड़ा विरोध करना शुरू कर दिया।
सांप खरीदकर रची गई हत्या की साजिश
Amrit Kashyap murder case:अमित के विरोध से बचने के लिए रविता और अमरदीप ने उसे रास्ते से हटाने का खौफनाक प्लान बनाया। योजना के तहत दोनों ने एक सपेरे को एक हजार रुपये देकर सांप खरीदा।
17 अप्रैल की रात को जब अमित गहरी नींद में सो रहा था, तब रविता ने अपने प्रेमी अमरदीप को घर बुलाया। दोनों ने मिलकर अमित की हत्या कर दी और वारदात को प्राकृतिक दिखाने के लिए उसके बिस्तर पर सांप को छोड़ दिया। इसके बाद अमरदीप वहां से चला गया और रविता चुपचाप दूसरे कमरे में जाकर सो गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुला हत्या का राज
Amrit Kashyap murder case:अगली सुबह जब परिजनों ने अमित को मृत अवस्था में देखा और उसके शरीर पर सांप के काटने के निशान पाए, तो उन्हें लगा कि उसकी मौत सांप के डसने से हुई है। हालांकि, जब शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू हुई, तो रविता ने इसका कड़ा विरोध किया। रविता के इस अजीब रवैये से परिजनों का शक उसकी ओर गहरा गया।
जब पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाया, तो रिपोर्ट में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। मौत का कारण सर्पदंश नहीं बल्कि दम घुटना पाया गया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी पत्नी रविता और उसके प्रेमी अमरदीप को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया।

