रिपोर्टर: धर्मराज
Haridwar : उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में भीषण गर्मी के बीच लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती ने स्थानीय निवासियों के सब्र का बांध तोड़ दिया है। जगजीतपुर डिवीजन क्षेत्र में गुरुवार को दिनभर और फिर देर रात तक बिजली गुल रहने से परेशान लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। उग्र नागरिकों ने न सिर्फ गुरुकुल स्थित बिजली घर (पावर हाउस) पर जमकर हंगामा किया, बल्कि सड़क पर उतरकर हाईवे भी जाम कर दिया।
Haridwar बिजली घर पहुंचे आक्रोशित लोग, कर्मचारी मौके से हुए फरार
गुरुवार देर रात जब गर्मी से बेहाल लोगों के सब्र की सीमा खत्म हो गई, तो बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी गुरुकुल बिजली घर का घेराव करने पहुंच गए। पावर हाउस पर भीड़ का भारी आक्रोश और हंगामा देख उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPCL) के कर्मचारी मौके से खिसक गए। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने बिजली विभाग के SDO और अन्य उच्च अधिकारियों को फोन लगाने की कोशिश की, लेकिन ज्यादातर अधिकारियों के मोबाइल फोन बंद मिले, जिससे लोगों का गुस्सा और ज्यादा भड़क गया।
Haridwar हाईवे जाम से थमे पहिए, पुलिस ने संभाला मोर्चा
अधिकारियों से संपर्क न होने और बिजली बहाल न होने से नाराज प्रदर्शनकारियों ने मुख्य हाईवे को जाम कर दिया। हाईवे जाम होने की वजह से सड़कों पर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह ठप हो गया। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित जनता को काफी समझाने-बुझाने का प्रयास किया। लंबी बातचीत और जल्द ही समस्या के समाधान के आश्वासन के बाद आखिरकार लोग शांत हुए, जिसके बाद हाईवे पर दोबारा यातायात सुचारू रूप से बहाल हो सका।
Haridwar मौके पर पहुंचीं विधायक अनुपमा रावत, जल्द सुधार का दिया भरोसा
विधायक ने सुनीं जनसमस्याएं आधी रात को हंगामे और चक्काजाम की खबर मिलते ही क्षेत्रीय विधायक अनुपमा रावत भी तुरंत गुरुकुल बिजली घर पहुंचीं। उन्होंने मौके पर मौजूद परेशान नागरिकों की शिकायतें सुनीं और बिजली विभाग के आला अधिकारियों से फोन पर बात कर क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त करने के कड़े निर्देश दिए। विधायक ने जनता को आश्वस्त किया कि जगजीतपुर क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने के लिए वह व्यक्तिगत रूप से प्रयास करेंगी।
ये भी पढ़े: Bhagalpur: बिना ट्रेड लाइसेंस चल रहे कारोबारों पर नगर निगम की टेढ़ी नजर, दर्ज होगी FIR

