रिपोर्टर: सतेन्द्र भंंडारी
Tehri : उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले से एक हृदयविदारक सड़क दुर्घटना की खबर सामने आई है। यहां गुलर बाजार के समीप यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पुल से सीधे नीचे नाले में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में 8 लोगों की जान चली गई है, जबकि 26 यात्री घायल हुए हैं। दुर्घटना के तुरंत बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ (SDRF) और स्थानीय पुलिस की टीमों ने मौके पर पहुंचकर युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
हरिद्वार से कर्णप्रयाग जाते समय हुआ हादसा
Tehri प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, ‘विश्वनाथ सेवा’ की यह बस करीब 30 से 35 यात्रियों को लेकर तड़के साढ़े तीन बजे हरिद्वार से कर्णप्रयाग के लिए रवाना हुई थी। सफर शुरू होने के महज एक घंटे बाद, लगभग सुबह 4 बजे गुलर बाजार के पास बस अचानक संतुलन खो बैठी और पुल से नीचे नाले में जा गिरी। इस भयानक टक्कर में 7 यात्रियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक अन्य की बाद में मौत हो गई। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है।
एम्स ऋषिकेश में घायलों का उपचार जारी, आला अधिकारी मौके पर
Tehri हादसे की खबर मिलते ही बयासी और धलवाला से एसडीआरएफ की टीमें बचाव उपकरणों के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं और रेस्क्यू अभियान चलाया। टिहरी गढ़वाल की जिला मजिस्ट्रेट निकिता खंडेलवाल और एसएसपी स्वेता चौधरी ने भी मौके पर पहुंचकर राहत कार्यों का जायजा लिया। एम्स ऋषिकेश के नोडल अधिकारी डॉ. मधुर उनियाल ने बताया कि प्रशासन से सूचना मिलने के बाद सुबह 6:30 बजे से घायलों को अस्पताल लाना शुरू किया गया। अब तक 22 घायल मरीजों को एम्स में भर्ती कराया गया है, जिनमें से 6 की स्थिति अत्यंत नाजुक बनी हुई है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जताया गहरा शोक
Tehri इस दुखद घटना पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि ऋषिकेश-बद्रीनाथ मार्ग पर गुलार और टिहरी के अन्य क्षेत्रों में हुई सड़क दुर्घटनाओं में यात्रियों के निधन का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति की प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट की हैं और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।

