Spread the love

सासाराम में लगातार हो रही झमाझम बारिश के कारण शहर के कई निचले इलाकों में जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। इसका सबसे बुरा असर सासाराम शहर को राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ने वाले व्यस्त मार्ग ‘बेदा-आलमपुर पथ’ पर देखने को मिल रहा है, जहां सड़क पर भारी मात्रा में पानी जमा होने से यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है।

बिहार विशेष सशस्त्र बल महिला बटालियन के समीप मुख्य सड़क पर पानी का विकराल जमाव हो गया है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, यह पानी मुख्य रूप से भारी बारिश और कैमूर की पहाड़ियों से उतरकर आने वाले बहाव का है। सड़क पर जलभराव के कारण आए दिन वाहनों का लंबा जाम लग जाता है, जिससे आवागमन करने वाले राहगीरों और वाहन चालकों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

सबसे बड़ी चिंता का विषय यह है कि इसी मार्ग पर ‘पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय’ समेत कई प्रतिष्ठित निजी स्कूल स्थित हैं, जिसके कारण छोटे-छोटे स्कूली बच्चों और उनके अभिभावकों को इस गंदे पानी और जाम के बीच से गुजरकर स्कूल आना-जाना पड़ रहा है।