रिपोर्टर: रविन्द्र सिंह
Vadodara : गुजरात के वडोदरा स्थित उंडेरा इलाके में एक 31 वर्षीय विवाहिता द्वारा ससुराल पक्ष के उत्पीड़न से तंग आकर फांसी लगाकर आत्महत्या करने का दर्दनाक मामला सामने आया है। मृतका (सीमा) ने आत्महत्या करने से पूर्व अपने पैर पर सुसाइड नोट लिखा। उसने लिखा, “मैं जा रही हूं दुनिया से, पति अपने घर वालों को खुश रखे, मैं सहन नहीं कर पाई।”
Vadodara मायके से ₹2 लाख मांगने और प्रताड़ना का आरोप
मृतका के परिजनों का आरोप है कि मई 2026 में पति सुनीर कुमार ने एक प्लॉट खरीदने के लिए सीमा पर मायके से 2 लाख रुपये लाने का दबाव बनाया था। रुपये न लाने पर पति, सास और ससुर द्वारा उसे लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। गत 9 अगस्त को पति ने सीमा की भाभी को फोन कर उसकी आत्महत्या की सूचना दी। मृतका की 8 माह की मासूम बच्ची है, जिसके सिर से मां का साया उठ गया है।
Vadodara पुलिस ने दहेज प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने का दर्ज किया मामला
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। मृतका के मायके वालों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने पति, सास और ससुर के खिलाफ दहेज प्रताड़ना तथा आत्महत्या के लिए उकसाने (दहेज हत्या/उत्पीड़न) की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
दोषियों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारियों ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद जांच को आगे बढ़ाया जाएगा। पुलिस सभी बिंदुओं की गहराई से जांच कर रही है और परिजनों को आश्वासन दिया है कि घटना के दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा तथा उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

