रिपोर्टर: अरविन्द सिंह
TET Exam : मध्य प्रदेश में शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) को लेकर माध्यमिक शिक्षा मंडल (MP Board) और शिक्षकों के बीच गतिरोध गहराता जा रहा है। बोर्ड परीक्षाओं के नजदीक टीईटी परीक्षा आयोजित किए जाने का शिक्षक कड़ा विरोध कर रहे हैं। हालांकि, माध्यमिक शिक्षा मंडल ने साफ कर दिया है कि परीक्षा पूर्व निर्धारित शेड्यूल के अनुसार दिसंबर में ही आयोजित की जाएगी। बोर्ड का कहना है कि इसके बाद शैक्षणिक सत्र में ऐसा कोई समय उपलब्ध नहीं है जब परीक्षा बिना बाधा संपन्न कराई जा सके।
डीपीआई ने बढ़ाई आवेदन की अंतिम तिथि, आवेदन की गति बेहद धीमी
TET Exam शिक्षकों द्वारा किए जा रहे बहिष्कार और विरोध के कारण आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की संख्या काफी कम बनी हुई है। इस स्थिति को देखते हुए लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) ने फॉर्म भरने की अंतिम तारीख को 5 अक्टूबर से बढ़ाकर 11 अक्टूबर कर दिया है। आवेदन प्रक्रिया में आ रही सुस्ती से चिंतित डीपीआई ने माध्यमिक शिक्षा मंडल से परीक्षा को दिसंबर के बाद कराने का अनुरोध किया था, लेकिन बोर्ड ने इस प्रस्ताव को खारिज कर दिया।
दिसंबर के बाद अप्रैल तक टल सकती थी परीक्षा: बोर्ड की दलील
TET Exam माध्यमिक शिक्षा मंडल के अधिकारियों का तर्क है कि यदि परीक्षा दिसंबर में नहीं कराई गई, तो इसे सीधा अप्रैल तक टालना पड़ेगा। इसका मुख्य कारण यह है कि इसके बाद 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं शुरू हो जाएंगी और शिक्षकों को उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन कार्य में जुटना होगा। रिजल्ट समय पर घोषित करने के लिए यह आवश्यक है कि दिसंबर में ही परीक्षा संपन्न करा ली जाए। वर्तमान में परीक्षा केंद्रों के निर्धारण का काम तेजी से चल रहा है।
नीलम पार्क में 10वें दिन भी डटे रहे शिक्षक, आंदोलन जारी रखने का ऐलान
TET Exam दूसरी ओर, टीईटी परीक्षा की तारीखों के खिलाफ शिक्षकों का प्रदर्शन लगातार 10वें दिन भी जारी रहा। भोपाल के नीलम पार्क में भोपाल संभाग के सैकड़ों शिक्षकों ने एकत्र होकर जोरदार नारेबाजी और प्रदर्शन किया। संयुक्त मोर्चा के संयोजकों ने बैठक कर आगे की रणनीति तैयार की है। आंदोलनकारी शिक्षकों का कहना है कि जब तक स्कूल शिक्षा विभाग इस परीक्षा को लेकर कोई स्पष्ट और सकारात्मक निर्णय नहीं लेता, तब तक उनका यह आंदोलन समाप्त नहीं होगा।
ये भी पढ़े: शेखपुरा: जिला स्तरीय युवा उत्सव का रंगारंग आगाज, डीएम शेखर आनंद ने दीप प्रज्वलित कर किया शुभारंभ

