रिपोर्टर: रंजन कुमार
Sheikhpura : बिहार के शेखपुरा जिला स्थित बाईपास रोड पर बने सम्राट अशोक भवन में दो दिवसीय जिला स्तरीय युवा उत्सव का धूमधाम से शुभारंभ हुआ। युवा प्रतिभाओं को निखारने और सांस्कृतिक मूल्यों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कला एवं संस्कृति विभाग तथा जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। समारोह का विधिवत उद्घाटन शेखपुरा के जिलाधिकारी (DM) शेखर आनंद ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर अपर समाहर्ता (ADM) संजय कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी (SDM) प्रियंका कुमारी सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
5 प्रमुख विधाओं में 112 प्रतिभागियों ने कराया पंजीकरण
Sheikhpura इस सांस्कृतिक समागम में जिले के विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों के युवाओं ने भारी उत्साह दिखाया है। आयोजन में कुल पांच मुख्य स्पर्धाओं—समूह गान, लोक नृत्य, चित्रकला (पेंटिंग) और वक्तव्य (भाषण) प्रतियोगिता को शामिल किया गया है, जिनमें प्रतिभा प्रदर्शन के लिए कुल 112 छात्र-छात्राओं ने अपना ऑनलाइन व ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन करवाया है।
विजेता कलाकारों को राज्य स्तर पर मिलेगा बड़ा मंच
Sheikhpura समारोह को संबोधित करते हुए जिला खेल पदाधिकारी सरोज पासवान ने बताया कि जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेताओं को राज्य स्तरीय युवा उत्सव में शेखपुरा जिले का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह मंच युवाओं के शैक्षणिक विकास के साथ-साथ उनकी रचनात्मकता और सांस्कृतिक अभिरुचि को निखारने का बेहतरीन जरिया है।
सम्राट अशोक भवन में उमड़ा कला-संस्कृति का संगम
Sheikhpura उत्सव के पहले दिन विभिन्न स्कूलों से आए विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। सम्राट अशोक भवन परिसर दिनभर छात्र-छात्राओं की चहल-पहल और सांस्कृतिक गूंज से जीवंत बना रहा। प्रशासनिक अधिकारियों ने बच्चों के हुनर की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी कला के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

