रिपोर्टर: योगेन्द्र सिंह
Sitapur : उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले से सरकारी स्कूलों में मिलने वाले ‘मिड-डे मील’ की गुणवत्ता पर सवाल खड़े करने वाली एक गंभीर खबर सामने आई है। प्राथमिक विद्यालय में मासूम बच्चों को बेहद घटिया और पानी जैसी पतली सब्जी परोसे जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। मामले का संज्ञान लेते हुए बेसिक शिक्षा विभाग ने कड़ा रुख अपनाया है और विद्यालय की प्रिंसिपल को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है, साथ ही उनके खिलाफ एफआईआर (FIR) भी दर्ज कराई गई है।
Sitapur महमूदाबाद के प्राथमिक विद्यालय का मामला, मेन्यू के नाम पर लापरवाही
यह घटना सीतापुर जिले के महमूदाबाद विकासखंड स्थित छंगापुर प्राथमिक विद्यालय की है। 3 अगस्त को स्कूल के तय मेन्यू के अनुसार बच्चों के लिए आलू-तरोई की सब्जी और रोटी तैयार की जानी थी। हालांकि, जब बच्चों को खाना परोसा गया, तो सब्जी की जगह थाली में महज पानी ही तैरता नजर आया। इतना ही नहीं, बच्चों को गीली और असुरक्षित जगह पर बिठाकर बेहद लापरवाही से रोटियां दी गईं। ग्राम प्रधान के बेटे ने इस पूरी अव्यवस्था का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जिसके बाद हंगामा मच गया।
Sitapur बीएसए ने किया औचक निरीक्षण, खुलीं कई खामियां
वीडियो वायरल होते ही बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) गोरखनाथ पटेल पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ सीधे छंगापुर प्राथमिक विद्यालय पहुंचे। उन्होंने मौके पर बच्चों से बात की और भोजन की गुणवत्ता का खुद जायजा लिया। जांच में न केवल मिड-डे मील का खाना मानकों के विपरीत मिला, बल्कि बच्चों को दिए जाने वाले दूध वितरण और अन्य व्यवस्थाओं में भी भारी लापरवाही पाई गई।
प्रिंसिपल निलंबित, रसोइए समेत दो पर केस दर्ज
जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई करते हुए विद्यालय की प्रिंसिपल कल्पना वर्मा को तुरंत निलंबित कर दिया गया। इसके साथ ही खंड शिक्षा अधिकारी की तहरीर पर प्रिंसिपल कल्पना वर्मा और रसोइया अनीता के खिलाफ ‘भारतीय न्याय संहिता’ (BNS) की धारा 316(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। इस घटना के बाद सीतापुर के जिलाधिकारी ने जिले के सभी सरकारी और प्राथमिक विद्यालयों में मिड-डे मील की गुणवत्ता की गहन जांच कराने का आदेश जारी कर दिया है।
ये भी पढ़े: नागपुर: 16 वर्षीय किशोरी से दरिंदगी का आरोपी जेल में कर रहा पिज्जा की मांग, पुलिस पर लगाए चोरी के आरोप

