रिपोर्टर: योगेन्द्र सिंह
Nagpur : महाराष्ट्र के नागपुर में एक 16 साल की नाबालिग लड़की को बंधक बनाकर ज्यादती करने वाले आरोपी के बेतुके नखरों से पुलिस परेशान हो चुकी है। पॉक्सो (POCSO) और अपहरण के गंभीर आरोपों में गिरफ्तार 20 वर्षीय आरोपी निर्भय पाखरे हिरासत के दौरान जेल में पिज्जा, गद्देदार बिस्तर और मॉस्किटो किलर मशीन की मांग कर रहा है। इसके साथ ही वह पुलिस जांच में सहयोग करने से इनकार करते हुए पुलिसकर्मियों पर ही 70 हजार रुपये, जूते और चश्मा चोरी करने के बेबुनियाद आरोप लगा रहा है।
Nagpur फर्जी इंस्टाग्राम आईडी से दोस्ती और ब्लैकमेलिंग का खेल
पुलिस जांच के अनुसार, आरोपी निर्भय पाखरे (जो एक बीबीए छात्र है) ने पिछले साल ‘आकाश मेहरा’ नाम से इंस्टाग्राम पर एक फर्जी प्रोफाइल बनाई थी। इसी फर्जी पहचान के जरिए उसने पीड़िता से दोस्ती की और बाद में उसकी निजी तस्वीरें हासिल कर लीं। इन तस्वीरों के बल पर आरोपी लड़की को ब्लैकमेल करने लगा, जिससे डरकर पीड़िता लंबे समय तक चुपचाप प्रताड़ना सहती रही।
Nagpur 24 घंटे तक होटल में रखा बंधक, पुलिस ने दरवाजा तोड़कर छुड़ाया
आरोपी की दरिंदगी तब सामने आई जब उसने किशोरी को 24 घंटे तक एक होटल के कमरे में बंधक बनाकर रखा। परिजनों की शिकायत पर जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा तोड़ा, तो पीड़िता बिस्तर से बंधी हुई मिली और आरोपी बेल्ट लेकर उसके पास खड़ा था। पुलिस ने तुरंत पीड़िता को छुड़ाकर अस्पताल में भर्ती कराया और आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
मेडिकल कराने से इनकार और जांच में अड़ंगा
हिरासत में लिए जाने के बाद से ही आरोपी पुलिस को गुमराह करने और फंसाने की कोशिश कर रहा है। उसने अपना और पीड़िता का फोन अनलॉक करने के लिए पासवर्ड देने से मना कर दिया और मेडिकल टेस्ट कराने का विरोध किया, जिसके बाद पुलिस को उसे जबरन अस्पताल ले जाना पड़ा। अधिकारियों का कहना है कि वह खुद को चोट पहुंचाकर पुलिस पर आरोप मढ़ने की फिराक में है। कोर्ट ने आरोपी को दो दिन की पुलिस हिरासत में भेजा है और पुलिस उसके सोशल मीडिया अकाउंट्स और मोबाइल डेटा की गहन जांच कर रही है।

