रिपोर्टर: रंजन कुमार
Sheikhpura : बिहार के शेखपुरा जिले में पेयजल संकट को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा है। कसार थाना क्षेत्र की एकफनी पंचायत अंतर्गत कमलबीघा गांव (वार्ड नंबर 9) के दर्जनों महिला और पुरुष ग्रामीणों ने नल-जल योजना में जारी भारी अव्यवस्था को लेकर समाहरणालय का घेराव किया। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी (DM) को लिखित आवेदन देकर अपनी समस्याओं से अवगत कराया और मीडिया के समक्ष लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (PHED) तथा संबंधित ठेकेदार की मनमानी पर नाराजगी जताई।
Sheikhpura एक महीने से नल-जल ठप, चापाकल भी पड़े खराब
ग्रामीणों द्वारा दिए गए आवेदन के अनुसार, कमलबीघा गांव के वार्ड नंबर 9 में स्थित नल-जल योजना के तीनों सेट पिछले एक महीने से पूरी तरह बंद पड़े हैं। इतना ही नहीं, गांव के सार्वजनिक चापाकल भी लंबे समय से खराब हैं। इसके चलते पूरे गांव में पीने के पानी के लिए त्राहि-त्राहि मची हुई है और ग्रामीण रोजमर्रा की जरूरतों के लिए पानी जुटाने में कड़ी मशक्कत कर रहे हैं।
Sheikhpura खेतों और दूर-दराज के गांवों से पानी ढोने को मजबूर
स्थानीय ग्रामीण योगेंद्र मांझी ने अपना दर्द साझा करते हुए बताया कि भीषण गर्मी के बीच ग्रामीण खेतों में लगे बोरिंग और काफी दूर स्थित अन्य गांवों से पानी ढोकर लाने को विवश हैं। पानी की किल्लत ने सामान्य जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है और लोग रोज सुबह से ही पानी की व्यवस्था में जुटने को मजबूर हैं।
ठेकेदार और PHED अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप
एक अन्य ग्रामीण नवीन कुमार ने बताया कि इस समस्या को लेकर संबंधित ठेकेदार और PHED विभाग के अधिकारियों को कई बार मौखिक और टेलीफोन के माध्यम से सूचित किया गया। इसके बावजूद किसी भी जिम्मेदार अधिकारी ने ध्यान नहीं दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार का रवैया अड़ियल है और वह न तो खराब मोटर बदल रहा है और न ही पाइपलाइन की मरम्मत करा रहा है।
जिलाधिकारी से त्वरित कार्रवाई और पेयजल बहाली की गुहार
विभाग और ठेकेदार की उपेक्षा से तंग आकर दर्जनों ग्रामीणों ने समाहणालय पहुंचकर जिलाधिकारी से न्याय की गुहार लगाई है। ग्रामीणों ने आवेदन के जरिए मांग की है कि मामले की तत्काल जांच कराकर लापरवाह ठेकेदार के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए और गांव में जल्द से जल्द नल-जल योजना को दुरुस्त कर पेयजल आपूर्ति बहाल की जाए।
ये भी पढ़े: विवांता जमशेदपुर में नया वेलनेस सेंटर शुरू: जिम, स्पा और सैलून का हुआ भव्य उद्घाटन

