रिपोर्टर: नितीश राज
Patna : बिहार की राजधानी पटना के अगमकुआं थाना क्षेत्र स्थित बड़ी पहाड़ी इलाके में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे के बाद स्थिति बेहद तनावपूर्ण हो गई। एक अनियंत्रित तेज रफ्तार बस की चपेट में आने से एक स्थानीय युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों और भीड़ ने मौके पर जमकर हंगामा किया, जिसके चलते पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद जीरो माइल और आसपास के एनएच पर लगभग 10 किलोमीटर लंबा भीषण ट्रैफिक जाम लग गया, जिससे स्कूली बच्चों और आम यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
Patna आक्रोशित भीड़ ने पुलिस जीप और बस को आग के हवाले किया
हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर मौजूद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। बेकाबू भीड़ ने टक्कर मारने वाली बस में तोड़फोड़ करते हुए उसमें आग लगा दी। हंगामे की सूचना मिलने पर जब अगमकुआं और आसपास के थानों की पुलिस बल मौके पर पहुंची, तो उपद्रवियों ने पुलिस टीम पर भी हमला बोल दिया। भीड़ ने पुलिस चेक पोस्ट के साथ-साथ पुलिस की तीन जीपों को आग के हवाले कर दिया। इस दौरान सड़क पर खड़ी कई मोटरसाइकिलों और अन्य बसों के शीशे भी क्षतिग्रस्त कर दिए गए।
Patna पुलिस और दमकल की गाड़ियों पर पथराव, मीडियाकर्मियों को बनाया निशाना
स्थिति को नियंत्रित करने पहुंची पुलिस और जलती गाड़ियों को बुझाने आई दमकल विभाग की टीमों को भारी विरोध का सामना करना पड़ा। उपद्रवियों ने दमकल गाड़ियों और पुलिसकर्मियों पर जमकर पथराव किया, जिससे राहत कार्य में काफी बाधा आई। इसके अलावा, घटना का वीडियो बना रहे और कवरेज कर रहे पत्रकारों को भी भीड़ ने निशाना बनाया और उन पर पथराव किया।
अतिरिक्त पुलिस बल तैनात, इलाके में स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और कई थानों की पुलिस अतिरिक्त बल के साथ मौके पर पहुंची। फिलहाल पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद स्थिति पर काबू पा लिया है और सड़क से प्रदर्शनकारियों को हटाकर यातायात बहाल करने का प्रयास जारी है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि उपद्रवियों की पहचान की जा रही है और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़े: शेखपुरा में नल-जल योजना ठप: एक महीने से बूंद-बूंद पानी को तरस रहे कमलबीघा के लोग

