रिपोर्टर: अविनाश श्रीवास्तव
Rohtas : बिहार के रोहतास जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बहुत बड़ी कार्रवाई देखने को मिली है। पटना से आई निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की दो अलग-अलग टीमों ने शुक्रवार को जिले में ताबड़तोड़ छापेमारी की। इस दौरान टीम ने दो अलग-अलग मामलों में एक बड़े अधिकारी और एक लिपिक (क्लर्क) को लाखों और हजारों रुपए की घूस लेते हुए रंगे हाथों दबोच लिया। निगरानी विभाग की इस दोहरी और अचानक हुई कार्रवाई से रोहतास के प्रशासनिक गलियारे में हड़कंप मच गया है।
Rohtas मनचाही पोस्टिंग के लिए मांग रहा था ₹20,000 की घूस
निगरानी विभाग की पहली टीम ने सासाराम स्थित सदर अस्पताल के सिविल सर्जन कार्यालय में दस्तक दी। यहाँ तैनात क्लर्क सतीश कुमार को टीम ने ₹20,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
निगरानी डीएसपी विकास कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि संझौली प्रखंड के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) में पदस्थापित ब्लॉक अकाउंट मैनेजर सुनीता कुमारी से आरोपी क्लर्क सतीश कुमार उनकी मनपसंद जगह पर पोस्टिंग कराने के एवज में इस रकम की मांग कर रहा था। पीड़िता की शिकायत पर जाल बिछाकर टीम ने आरोपी को दबोच लिया।
Rohtas दाखिल-खारिज के नाम पर ₹3 लाख लेते धराया अंचलाधिकारी
निगरानी ब्यूरो की दूसरी और सबसे बड़ी कार्रवाई सदर अंचल कार्यालय में देखने को मिली, जहाँ सदर अंचलाधिकारी (CO) आकाश कुमार रौनियार को ₹3 लाख की भारी-भरकम रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया।
निगरानी डीएसपी पवन कुमार के मुताबिक, राजस्व कर्मचारी राजेश कुमार ने सीओ के खिलाफ निगरानी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। जमीन के दाखिल- खारिज (म्यूटेशन) के एवज में सीओ ने कुल ₹6 लाख की डील तय की थी। शुक्रवार को जैसे ही सीओ ने अपने किराए के मकान पर एक कर्मचारी सोनू कुमार के माध्यम से रिश्वत की पहली किस्त के ₹3 लाख लिए, निगरानी की टीम ने उन्हें दबोच लिया।
Rohtas प्रशासनिक महकमे में खलबली, जनता ने जताई खुशी
पूछताछ के लिए पटना ले गई टीम एक ही दिन में हुई इन दो बड़ी गिरफ्तारियों ने रोहतास जिला प्रशासन को हिलाकर रख दिया है। गिरफ्तारी के तुरंत बाद निगरानी की टीमें दोनों आरोपियों को अपने साथ पटना ले गईं, जहाँ उनसे आगे की कड़ी पूछताछ की जाएगी। दूसरी ओर, घूसखोर अधिकारियों पर हुए इस कड़े प्रहार से स्थानीय जनता में बेहद खुशी है और लोग सरकार व निगरानी विभाग के इस कदम की सराहना कर रहे हैं।
ये भी पढ़े: Arrah जंक्शन पर दर्दनाक हादसा: ट्रेन से गिरने के कारण उत्तर प्रदेश के पिता-पुत्र की मौत

