रिपोर्टर: नेहा गुप्ता
Arrah : बिहार के दानापुर-पीडीडीयू (पंडित दीनदयाल उपाध्याय) रेलखंड के अंतर्गत आने वाले आरा जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर एक पर शुक्रवार की सुबह एक अत्यंत दुखद घटना घटी। यहाँ जनसाधारण एक्सप्रेस ट्रेन से गिरकर उत्तर प्रदेश के रहने वाले पिता और उनके मासूम बेटे की जान चली गई। इस हादसे के बाद स्टेशन परिसर में काफी देर तक चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
Arrah सामान लेने उतरे और छूटने लगी ट्रेन
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, मृतकों की पहचान उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के टांडा थाना क्षेत्र स्थित रामपुर गाँव के निवासी अजीम (35 वर्ष) और उनके 4 वर्षीय बेटे डानयाल के रूप में हुई है। मृतक के जीजा मरगूब ने बताया कि अजीम अपनी पत्नी नाजिया परवीन और दो बेटों (डानयाल व छोटू) के साथ गुरुवार को यूपी के मुरादाबाद जंक्शन से पटना जाने के लिए ट्रेन में सवार हुए थे। शुक्रवार सुबह जब ट्रेन आरा जंक्शन पर रुकी, तो अजीम कुछ सामान खरीदने के लिए अपने बेटे डानयाल को साथ लेकर नीचे प्लेटफार्म पर उतरे थे, लेकिन इसी बीच ट्रेन आगे बढ़ गई।
Arrah हादसे में मासूम की मौके पर मौत, पिता ने अस्पताल में तोड़ा दम
ट्रेन को रफ्तार पकड़ता देख अजीम अपने बेटे को गोद में लेकर किसी तरह कोच के भीतर चढ़ने की कोशिश करने लगे। इसी हड़बड़ाहट में उनका संतुलन बिगड़ गया और दोनों सीधे प्लेटफार्म और ट्रेन के बीच के खाली हिस्से में जा गिरे। इस खौफनाक हादसे में 4 साल के मासूम डानयाल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जिससे वहां मौजूद यात्रियों के रोंगटे खड़े हो गए।
Arrah सदर अस्पताल में इलाज के दौरान थमी सांसें
परिवार में पसरा मातम हादसे के तुरंत बाद गंभीर रूप से घायल अजीम को स्थानीय लोगों और रेलवे पुलिस की मदद से आरा सदर अस्पताल ले जाया गया। उन्हें अत्यंत नाजुक हालत में इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया था, लेकिन डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद इलाज के दौरान अजीम ने भी दम तोड़ दिया। एक साथ पति और बेटे को खो देने के बाद मृतक महिला नाजिया परवीन और उनके छोटे बेटे छोटू का रो-रोकर बुरा हाल है।

