RewaRewa
Spread the love

रिपोर्टर: रविन्‍द्र सिंह

Rewa : मध्य प्रदेश के रीवा जिले के सोहागी थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक खौफनाक मामला सामने आया है। यहाँ प्रेम विवाह के चार वर्ष बाद एक पति अपनी ही पत्नी का हत्यारा बनने पर आमादा हो गया। आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर पत्नी का गला काटने का प्रयास किया और फिर उसे मरा हुआ समझकर नदी में फेंक दिया। हालाँकि, किस्मत से महिला की जान बच गई और राहगीरों की मुस्तैदी से समय पर इलाज मिलने से एक बड़ा हादसा टल गया।

Rewa 4 साल पहले किया था प्रेम विवाह, मतभेद के बाद रहने लगी थी अलग

पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के शंकरगढ़ के रहने वाले सतीश सिंह ने वर्ष 2022 में पीड़िता से प्रेम विवाह किया था। दोनों का एक बेटा भी है, लेकिन शादी के कुछ समय बाद ही दोनों के बीच अनबन रहने लगी। विवाद बढ़ने पर महिला पति से अलग होकर पंजाब में मजदूरी करने लगी थी। घटना से कुछ दिन पूर्व ही वह अपने बच्चे से मिलने पंजाब से वापस लौटी थी।

Rewa ट्रेन छूटने पर मांगी मदद, प्रयागराज के बहाने सुनसान नदी पर ले गया पति

28 जुलाई की रात पीड़िता वापस पंजाब जाने के लिए रेलवे स्टेशन पहुँची, लेकिन उसकी ट्रेन मिस हो गई। इसके बाद उसने मदद के लिए अपने पति को फोन किया। पति सतीश सिंह अपने दोस्त दीपक साकेत के साथ मोटरसाइकिल से आया और उसे प्रयागराज स्टेशन छोड़ने का आश्वासन देकर रीवा के सोहागी क्षेत्र स्थित नैना नदी के सुनसान पुल पर ले गया।

बीयर कैन के ढक्कन से रेता गला, मरा समझकर पुल से नीचे फेंका

पीड़िता के अनुसार, सुनसान जगह पर पहुँचते ही दोनों आरोपियों ने बीयर कैन के नुकीले धातु वाले ढक्कन (पुल-टैब) से उसका गला काटने का प्रयास किया। जब महिला अचेत हो गई, तो आरोपियों ने उसे मृत मानकर पुल के ऊपर से नैना नदी में फेंक दिया और फरार हो गए। लहूलुहान अवस्था में महिला किसी तरह तैरकर नदी किनारे आई और मदद की गुहार लगाने लगी।

राहगीर बने मददगार, पुलिस ने 48 घंटे में आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा

स्थानीय राहगीरों ने महिला की कराहने की आवाज सुनकर तुरंत 112 नंबर पर पुलिस को सूचित किया। सोहागी थाना पुलिस ने मौके पर पहुँचकर पीड़िता को त्योंथर सिविल अस्पताल में भर्ती कराया।

सोहागी थाना प्रभारी कमलेश साहू ने बताया कि पीड़िता के बयानों के आधार पर हत्या के प्रयास (Attempt to Murder) की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से दोनों नामजद आरोपियों—पति सतीश सिंह और उसके साथी दीपक साकेत—को 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। मामले की विस्तृत तफ्तीश जारी है।

ये भी पढ़े: भोजपुर के बिलौटी ‘कथित एनकाउंटर’ मामले में बड़ा एक्शन: STF जवान गिरफ्तार, DGP बोले- न्यायिक जांच जारी

You missed