RajgarhRajgarh
Spread the love

रिपोर्टर: खुशबू रावत

Rajgarh : मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में पिछले 24 घंटों से हो रही मूसलाधार बारिश के कारण कई इलाके जलमग्न हो गए हैं। इसी बीच जिले के सारंगपुर ब्लॉक अंतर्गत पड़ाना में रविवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां निर्माणाधीन बायपास पुलिया पर आए पानी के तेज बहाव में 11 यात्रियों से भरी एक इको कार बह गई। हादसे में 2 लोग सुरक्षित बाहर निकल आए, जबकि 4 लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं।

Rajgarh ग्रामीणों की चेतावनी को किया नजरअंदाज, उफनते नाले में उतारी कार

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देवास जिले के सतवास से सारंगपुर के कड़लावद जा रहा परिवार जब पड़ाना बायपास के पास पहुंचा, तो पुलिया पर पानी का भारी जलभराव था। वहां मौजूद ग्रामीणों ने चालक को आगे जाने से मना भी किया, लेकिन रास्ते से अंजान चालक ने जोखिम उठाते हुए वाहन को पानी में उतार दिया। कार उतरते ही अनियंत्रित होकर गहरे पानी और तेज बहाव में बह गई। कार में 3 पुरुष, 4 महिलाएं और 4 बच्चे सवार थे।

Rajgarh प्रशासनिक अमला मौके पर, क्रेन व रेस्क्यू टीम की मदद से तलाश जारी

घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम, एसडीओपी तथा सारंगपुर थाना प्रभारी पुलिस और बचाव दल के साथ मौके पर पहुंचे। गोताखोरों और रेस्क्यू टीमों द्वारा अन्य लापता लोगों व कार को तलाशने के लिए सघन अभियान चलाया जा रहा है। क्रेन की मदद से जलमग्न इलाके को खंगाला जा रहा है, वहीं घटनास्थल पर भारी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद हैं।

निर्माणाधीन बायपास व पुलिया के जलभराव पर उठे सवाल

इस दुखद हादसे के बाद स्थानीय लोगों में नए बने बायपास और पुलिया के निर्माण की गुणवत्ता को लेकर भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का सवाल है कि हाल ही में निर्मित बायपास पर पहली ही बारिश में सड़क और पुलिया पूरी तरह डूब कैसे गए। साथ ही, संभावित खतरे को देखते हुए वहां समय रहते सुरक्षा संकेतक या बैरिकेडिंग न होने पर भी प्रशासनिक लापरवाही के सवाल खड़े हो रहे हैं।

ये भी पढ़े: मुजफ्फरपुर में पहली बार शिवभक्तों पर हुई पुष्पवर्षा: हेलीकॉप्टर से बरसे फूल, जयकारों से गूंजी बाबा गरीबनाथ की नगरी