रिपोर्टर: प्रेम श्रीवास्तव
Bhopal : मध्य प्रदेश में संगठनात्मक पकड़ मजबूत करने में जुटी पार्टी ‘अपना दल (एस)’ ने अब डिजिटल और सोशल मीडिया मोर्चे पर अपनी रणनीति को धार देना शुरू कर दिया है। पार्टी द्वारा आयोजित 10वें ऑनलाइन प्रशिक्षण सत्र में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को सोशल मीडिया के प्रभावी इस्तेमाल से लेकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के व्यावहारिक उपयोग तक की विस्तृत जानकारी दी गई। इस सत्र का मुख्य उद्देश्य संगठन को धरातल के साथ-साथ डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी मजबूती प्रदान करना है।
Bhopal डिजिटल मीडिया एक्सपर्ट और राजनीतिक रणनीतिकारों ने दिए टिप्स
प्रशिक्षण सत्र में डिजिटल मीडिया एक्सपर्ट पवन त्रिपाठी ने अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की प्रकृति, कंटेंट स्ट्रेटेजी, पोस्ट करने की टाइमिंग और AI टूल्स के उपयोग पर प्रकाश डाला। वहीं, राजनीतिक रणनीतिकार डॉ. अतुल मलिकराम और राष्ट्रीय महासचिव (एमपी प्रभारी) आर. बी. सिंह पटेल ने कहा कि आधुनिक राजनीति में डिजिटल संचार सीधे जनता से जुड़ने का सशक्त माध्यम है। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष आर. पी. गौतम और दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री रेखा वर्मा ने भी कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया।
Bhopal किस प्लेटफॉर्म पर कैसा हो कंटेंट? कार्यकर्ताओं को दिए गए व्यावहारिक गुर
सत्र के दौरान प्रेजेंटेशन के जरिए पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को विस्तार से समझाया गया कि किस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर किस तरह की भाषा और शैली का प्रयोग करना चाहिए। पोस्ट की बेहतर पहुंच (Reach) के लिए सही समय और राजनीतिक-सामाजिक विषयों की प्रभावशाली प्रस्तुति पर विशेष ध्यान दिया गया। AI टूल्स की मदद से कंटेंट क्रिएशन को तेज और सटीक बनाने के व्यावहारिक गुर भी सिखाए गए।
जल्द जारी होगी मध्य प्रदेश के पदाधिकारियों की नई सूची
अपना दल (एस) मध्य प्रदेश में अपनी राजनीतिक जड़ों को मजबूत करने की तैयारी में है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, जल्द ही प्रदेश पदाधिकारियों की नई सूची जारी की जाएगी, जिसके बाद जमीनी और बूथ स्तर पर अभियानों में तेजी आएगी। पार्टी का मुख्य फोकस पिछड़ा वर्ग (OBC) और समाज के वंचित वर्गों के मुद्दों को प्रखरता से उठाने पर रहेगा।

