रिपोर्टर: ईशु कुमार
Kendujhar : ओडिशा के क्योंझर जिले में एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने आधुनिक समाज और प्रशासनिक प्रक्रियाओं पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। जिले के पटना ब्लॉक स्थित दियानाली गाँव के रहने वाले एक युवक, जितु मुंडा, ने अपनी मृत बहन के बैंक खाते से पैसे निकालने के लिए उसकी लाश के अवशेष (कंकाल) को बैंक की चौखट पर ला खड़ा किया। इस दृश्य को जिसने भी देखा, उसकी रूह कांप गई।

Kendujhar क्या है पूरी घटना? मजबूरी या अज्ञानता?
जानकारी के अनुसार, जितु मुंडा की बहन की लगभग दो महीने पहले लंबी बीमारी के बाद मृत्यु हो गई थी। बहन ने अपनी मेहनत से मवेशी बेचकर करीब 19 हजार रुपये बचाए थे, जो ओडिशा ग्राम्य बैंक की स्थानीय शाखा में जमा थे। जितु के परिवार में अब कोई और सदस्य नहीं बचा था, इसलिए आर्थिक तंगी से जूझ रहे जितु को उन पैसों की सख्त जरूरत थी। जब वह बैंक पहुँचा, तो अधिकारियों ने नियमानुसार मृत्यु प्रमाण पत्र (Death Certificate) और उत्तराधिकार से संबंधित दस्तावेजों की मांग की। अशिक्षित और जागरूक न होने के कारण जितु ये कागजात पेश करने में असमर्थ रहा।

Kendujhar कब्र खोदकर निकाला अवशेष और 3 किलोमीटर तक किया पैदल सफर
बैंक द्वारा बार-बार लौटाए जाने और दस्तावेज न होने की स्थिति में जितु ने एक आत्मघाती कदम उठाया। वह श्मशान पहुँचा और अपनी बहन के दफनाए गए शव को कब्र से खोदकर बाहर निकाल लिया। इसके बाद वह उस कंकाल को अपने कंधे पर लादकर करीब 3 किलोमीटर दूर स्थित बैंक शाखा तक पैदल पहुँच गया। बैंक परिसर के बाहर कंकाल को रखकर वह पैसों की मांग करने लगा। यह मंजर देखकर बैंक के कर्मचारी और वहां मौजूद ग्राहक दहशत में आ गए।
Kendujhar पुलिस की कार्रवाई और जागरूकता का अभाव
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुँची और भारी भीड़ को तितर-बितर किया। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद जितु को समझाया और वहां से हटाया। प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद कंकाल को वापस ले जाया गया और उचित रीति-रिवाजों के साथ दोबारा दफनाया गया। यह घटना ग्रामीण भारत में बैंकिंग नियमों की जटिलता और मृत्यु प्रमाण पत्र जैसे बुनियादी दस्तावेजों को लेकर जागरूकता की भारी कमी को दर्शाती है। यदि समय रहते स्थानीय प्रशासन जितु की सहायता करता, तो शायद इतनी वीभत्स स्थिति पैदा नहीं होती।
Also Read This: Earthen Ware: मटके के पानी से बदबू आ रही है? अपनाएं सफाई के ये आसान और असरदार तरीके

