रिपोर्टर: अरविन्द सिंह
Nepanagar : बुरहानपुर जिले के नेपानगर स्थित कबीटनाला क्षेत्र में आज उस समय युद्ध जैसी स्थिति निर्मित हो गई, जब वन और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम बड़े स्तर पर अतिक्रमण हटाने पहुंची। प्रशासन की इस कार्रवाई से उग्र हुए अतिक्रमणकारियों ने सरकारी अमले पर सुनियोजित तरीके से जानलेवा हमला बोल दिया। पत्थरों की बारिश के बीच प्रशासनिक टीम को जान बचाकर पीछे हटना पड़ा।
Nepanagar 40 जेसीबी के दस्ते पर भारी पड़े उपद्रवी
प्रशासन ने कबीटनाला क्षेत्र को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए एक विशाल कार्ययोजना तैयार की थी। इसके तहत 40 से अधिक जेसीबी मशीनों और भारी पुलिस बल के साथ टीम मौके पर पहुंची थी। जैसे ही ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू हुई, वहां मौजूद अतिक्रमणकारियों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते विरोध ने हिंसक रूप ले लिया और उपद्रवियों ने चारों तरफ से पथराव शुरू कर दिया। इस हमले में दो से अधिक जेसीबी मशीनों के कांच चकनाचूर हो गए और सरकारी वाहनों को काफी नुकसान पहुँचा है।
Nepanagar दो चालक घायल, अधिकारियों को बनाया निशाना
पत्थरों की इस बौछार में मशीनों को चला रहे दो जेसीबी चालक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उन्हें तत्काल उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उपद्रवियों का निशाना केवल मशीनें ही नहीं थीं, बल्कि उन्होंने मौके पर मौजूद राजस्व और वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों व कर्मचारियों को भी निशाना बनाकर पत्थर फेंके। अचानक हुए इस हमले और बढ़ते तनाव को देखते हुए प्रशासन ने फिलहाल कदम पीछे खींच लिए हैं।
Nepanagar प्रशासन की सख्त चेतावनी: दोबारा होगी बड़ी कार्रवाई
क्षेत्र में फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बल तैनात कर दिया गया है। हालांकि इस हमले से प्रशासनिक अमला पीछे हटा है, लेकिन अधिकारियों का कहना है कि उनके हौसले पस्त नहीं हुए हैं। प्रशासन अब और अधिक पुलिस बल और पुख्ता सुरक्षा इंतजामों के साथ दोबारा कार्रवाई की तैयारी कर रहा है। सरकारी काम में बाधा डालने, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और जानलेवा हमला करने वाले दंगाइयों को चिन्हित किया जा रहा है, जिन पर जल्द ही कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Also Read This: Godda: अनियंत्रित पिकअप की टक्कर से महिला की दर्दनाक मौत, टेंपू चालक गंभीर रूप से घायल

