MotihariMotihari
Spread the love

रिपोर्टर: टुनटुन कुमार

Motihari : बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में पुलिस ने एक बड़े अंतरराष्ट्रीय साइबर फ्रॉड और हवाला रैकेट का पर्दाफाश किया है। भारत-नेपाल सीमा पर स्थित घोड़ासहन के बाजारों में कई थानों की पुलिस ने एक साथ छापेमारी कर तकरीबन 69 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। इस कार्रवाई से सीमावर्ती इलाकों के अवैध वित्तीय नेटवर्क में हड़कंप मच गया है।

Motihari सीमावर्ती बाजारों में पुलिस की बड़ी रेड

साइबर थाने की पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि भारत-नेपाल सीमा के पास स्थित घोड़ासहन के मुख्य रोड, वीरता चौक और स्थानीय बाजारों की दुकानों से साइबर फ्रॉड और हवाला का खेल चल रहा है। इस सूचना पर साइबर डीएसपी अभिनव पाराशर के नेतृत्व में साइबर पुलिस और चार स्थानीय थानों की पुलिस ने संयुक्त रूप से आधा दर्जन ठिकानों पर छापेमारी की। पुलिस ने मौके से करीब 69 लाख रुपये जप्त किए हैं, जिन्हें अवैध तरीके से ट्रांजैक्शन के लिए रखा गया था।

Motihari नेपाली खातों के जरिए ₹50 करोड़ की हेराफेरी

साइबर डीएसपी अभिनव पाराशर ने जानकारी देते हुए बताया कि यह गैंग भारत में साइबर फ्रॉड के जरिए ठगे गए पैसों को नेपाली खातों में ट्रांसफर करता था। जांच में यह सनसनीखेज खुलासा हुआ है कि यह गिरोह अब तक लगभग 50 करोड़ रुपये से ज्यादा की हेराफेरी कर चुका है। ये लोग आम नागरिकों के बैंक खातों का इस्तेमाल ट्रांजैक्शन के लिए करते थे और इसके बदले उन्हें कमीशन देते थे, जबकि मुख्य मुनाफा यह गैंग खुद डकार जाता था।

Motihari भारी मात्रा में उपकरण जप्त, 6 शातिर गिरफ्तार

पुलिस ने इस अंतरराष्ट्रीय गिरोह के 6 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से अपराध में इस्तेमाल होने वाले निम्नलिखित सामान बरामद किए गए हैं:

  • नकद राशि: ₹69 लाख (करीब)
  • मोबाइल फोन: 11 पीस
  • मशीन: नोट गिनने की मशीन
  • अन्य साक्ष्य: कई नेपाली बैंक खाते, भारतीय एटीएम कार्ड और संदिग्ध व्हाट्सएप नंबर।

पुलिस अब जप्त किए गए मोबाइल और व्हाट्सएप चैट्स के जरिए इस गैंग के अन्य सदस्यों और सीमा पार बैठे इनके आकाओं की तलाश में जुट गई है।

ये भी पढ़े: Kalayat: बंदरों का बढ़ा आतंक, कार में बैठ रहे मेहमान पर पीछे से हमला कर किया लहूलुहान, CCTV में कैद हुई घटना