रिपोर्टर: रतन कुमार
Jamtara : अजय नदी घाट स्थित बंद पड़े विद्युत शवदाहगृह को पुनः शुरू करने के लिए प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। जामताड़ा जिला चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष संजय अग्रवाल की पहल पर झारखंड के स्वास्थ्य एवं खाद्य आपूर्ति मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने इस मुद्दे पर तुरंत संज्ञान लिया है। मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को शवदाहगृह की तकनीकी खामियों को दूर कर इसे शीघ्र अति शीघ्र जनसेवा में समर्पित करने का आदेश दिया है।

चेंबर अध्यक्ष ने मंत्री को सौंपा ज्ञापन, बताई परिजनों की परेशानी
Jamtara चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने मंत्री डॉ. इरफान अंसारी से उनके जामताड़ा आवास पर मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने बताया कि वर्ष 2019 में नगर पंचायत द्वारा सतसाल स्थित अजय नदी तट पर विद्युत शवदाहगृह का निर्माण कराया गया था। पिछले सात सालों से इसके बंद पड़े रहने के कारण अंतिम संस्कार के लिए आने वाले लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, विशेषकर बारिश या सूखी लकड़ी की कमी के दौरान परिजनों को घंटों परेशान होना पड़ता है।
नगर विकास सचिव को निर्देश और स्थल निरीक्षण के आदेश
Jamtara मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मंत्री इरफान अंसारी ने मौके से ही नगर विकास विभाग के सचिव से टेलीफोनिक चर्चा की। उन्होंने जामताड़ा नगर पंचायत के कार्यपालक अधिकारी को निर्देश दिया कि वे तुरंत शवदाहगृह का निरीक्षण करें और उसे चालू करने में आ रही सभी तकनीकी रुकावटों की रिपोर्ट सौंपें। मंत्री ने आश्वस्त किया कि प्रक्रिया में आ रही किसी भी बाधा को जल्द दूर किया जाएगा।
पारंपरिक श्मशान घाट के जीर्णोद्धार और मूलभूत सुविधाओं की मांग
Jamtara ज्ञापन में चेंबर अध्यक्ष ने अजय नदी के मुख्य घाट स्थित पारंपरिक श्मशान गृह की दुर्दशा का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने श्मशान घाट तक पहुँचने वाले जर्जर रास्ते की मरम्मत, नए शेड का निर्माण, पेयजल, प्रकाश और बैठने की समुचित व्यवस्था कराने का आग्रह किया। मंत्री ने विधायक मद या विशेष फंड से इन बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए आवश्यक राशि उपलब्ध कराने का भरोसा जताया है।
ये भी पढ़े: Fatehpur Dowry Death Karwa Chauth : पहला करवा चौथ भी नहीं देख सकी नवविवाहिता, दहेज के लिए पत्नी की हत्या

