Jhunjhunu Mandawa Road Car Bike Accident:राजस्थान के झुंझुनूं शहर से एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। मंडावा रोड पर जिला स्वर्ण जयंती स्टेडियम के पास गुरुवार देर शाम एक तेज रफ्तार कार और मोटरसाइकिल की आमने-सामने जबरदस्त भिड़ंत हो गई। यह टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पर सवार दोनों छात्र हवा में लगभग 7 से 8 फीट ऊपर उछलकर सड़क पर जा गिरे। इस पूरी घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
अचानक टर्न लेती कार से जा टकराई तेज रफ्तार बाइक
Jhunjhunu Mandawa Road Car Bike Accident:प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार की देर शाम दोनों छात्र मोटरसाइकिल पर सवार होकर मंडावा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान, सामने से आ रही एक कार ने किसान कॉलोनी की तरफ मोड़ने के लिए अचानक टर्न लिया।
सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक संभल नहीं पाई और सीधे कार से जा टकराई। टक्कर लगते ही बाइक सवार दोनों छात्र हवा में उछलकर दूर जा गिरे। इस भयानक हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। गनीमत यह रही कि दोनों छात्रों को गंभीर चोटें नहीं आईं। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद करते हुए दोनों घायलों को बीडीके अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें छुट्टी दे दी।
स्टेडियम के पास स्पीड ब्रेकर न होने से बढ़ रहा हादसों का खतरा
Jhunjhunu Mandawa Road Car Bike Accident:स्थानीय निवासियों और प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि इस मार्ग पर इस तरह की दुर्घटनाएं आए दिन सामने आती रहती हैं। स्वर्ण जयंती स्टेडियम के पास किसान कॉलोनी की ओर जाने वाला मुख्य रास्ता है, लेकिन वाहनों की रफ्तार पर लगाम लगाने के लिए सड़क पर कोई स्पीड ब्रेकर नहीं बनाया गया है। इस वजह से तेज रफ्तार वाहन बेखौफ होकर गुजरते हैं, जिससे कॉलोनी की तरफ मुड़ने वाले वाहनों और राहगीरों के लिए हमेशा बड़ा खतरा बना रहता है।
बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों में चिंता
Jhunjhunu Mandawa Road Car Bike Accident:जिला स्वर्ण जयंती स्टेडियम में हर रोज खेलकूद और अभ्यास के लिए आसपास के ग्रामीण व शहरी इलाकों से 500 से 700 बच्चे पहुंचते हैं। बच्चों के परिजनों और स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों और बसों समेत अन्य गाड़ियां बेहद तेज गति से दौड़ती हैं।
अभिभावकों ने जिला प्रशासन और नगर परिषद से पुरजोर मांग की है कि स्टेडियम के आसपास तुरंत स्पीड ब्रेकर का निर्माण कराया जाए, ताकि वाहनों की गति को नियंत्रित किया जा सके और भविष्य में किसी बड़े हादसे को टाला जा सके।
उल्लेखनीय है कि इस दुर्घटना से महज दो दिन पहले ही झुंझुनूं जिले से एक अन्य दर्दनाक ‘हिट एंड रन’ का मामला भी सामने आया था, जहां एक अनियंत्रित थार गाड़ी की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हो गई थी। इन लगातार हो रही घटनाओं से क्षेत्र के लोगों में सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता व्याप्त है।
read this:-Greater Noida : खाटू श्याम मंदिर जाने से पहले बालकनी से गिरकर पिता-पुत्र की मौत

