JamtaraJamtara
Spread the love

Jamtara : झारखंड के जामताड़ा जिले में आर्थिक रूप से कमजोर और मेधावी विद्यार्थियों के सुनहरे भविष्य को संवारने की दिशा में एक अनुकरणीय पहल की गई है। नगर अध्यक्ष आशा गुप्ता के विशेष प्रयास से ‘आशा कॉम्पिटेटिव इंस्टीट्यूट’ नाम से एक नि:शुल्क कोचिंग सेंटर का मंगलवार को औपचारिक उद्घाटन किया गया। इस संस्थान की स्थापना का मुख्य उद्देश्य उन गरीब बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं की उच्च स्तरीय तैयारी का अवसर देना है, जो भारी-भरकम फीस के कारण अपने सपनों को पूरा करने से वंचित रह जाते थे।

Jamtara गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति में दीप प्रज्वलन और भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम

संस्थान के शुभारंभ अवसर पर आयोजित समारोह का उद्घाटन मुख्य अतिथि साइबर डीएसपी अमित रविदास, नगर कार्यपालक पदाधिकारी सोमा खंडेत, नगर अध्यक्ष आशा गुप्ता, तरुण कुमार गुप्ता, बार एसोसिएशन अध्यक्ष मोहनलाल बर्मन, दुर्गा दास भंडारी और चंचल भंडारी सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिसमें ‘श्री गणेशा देवा’ की वंदना ने उपस्थित सभी लोगों का दिल जीत लिया।

Jamtara नि:शुल्क शिक्षा का अर्थ गुणवत्ता से समझौता नहीं: आशा गुप्ता और तरुण गुप्ता

समारोह को संबोधित करते हुए तरुण कुमार गुप्ता ने कहा कि यह संस्थान जामताड़ा के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए पूरी तरह समर्पित है। उन्होंने आश्वस्त किया कि नि:शुल्क कोचिंग होने का मतलब पढ़ाई के स्तर से कोई समझौता करना नहीं है। वहीं नगर अध्यक्ष आशा गुप्ता ने कहा कि अक्सर आर्थिक तंगी होनहार बच्चों की राह में रोड़ा बन जाती है। महंगी कोचिंग संस्थानों की फीस हर परिवार नहीं दे सकता। इसीलिए यह पहल की गई है ताकि यहाँ के बच्चे बेहतर शिक्षा प्राप्त कर राज्य और देश भर में बड़े प्रशासनिक व सरकारी पदों पर चयनित होकर क्षेत्र का नाम रोशन करें।

अनुभवी शिक्षकों की टीम और प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा सराहना

अतिथियों में शामिल साइबर डीएसपी अमित रविदास और नगर कार्यपालक अधिकारी सोमा खंडेत ने इस सामाजिक पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास समाज के अंतिम पायदान पर खड़े विद्यार्थियों के लिए मील का पत्थर साबित होंगे। विद्यार्थियों को विषयवार मार्गदर्शन देने के लिए बड़े शहरों का अनुभव रखने वाले शिक्षकों की टीम तैनात की गई है, जिनमें आलोक कुमार (गणित), सुमंत कुमार सिंह (सामान्य अध्ययन/GS), अंकित कुमार (रीजनिंग) और मनोज सिंह (अंग्रेजी) शामिल हैं। इस कोचिंग के खुलने से अब जामताड़ा के युवाओं को प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी के लिए बाहर जाने की मजबूरी से राहत मिलेगी।