JamshedpurJamshedpur
Spread the love

रिपोर्टर: प्रेम श्रीवास्‍तव

Jamshedpur Alpana Mahali Harassment Case : झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिला अंतर्गत कपाली ओपी (आउटपोस्ट) में एक आदिवासी युवती अल्पना महाली के साथ कथित तौर पर हुई थर्ड डिग्री टॉर्चर की घटना में पुलिस प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार, एएसआई (ASI) मोहम्मद मुकलेसुर रहमान और महिला कांस्टेबल कंचन को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। प्रारंभिक जांच में इन तीनों पुलिसकर्मियों की लापरवाही और संलिप्तता सामने आने के बाद यह कदम उठाया गया है।

Jamshedpur Alpana Mahali Harassment Case थाना प्रभारी और एएसआई पर थर्ड डिग्री टॉर्चर का आरोप

मामला कम्हरगोड़ा की रहने वाली अल्पना महाली से जुड़ा है। अल्पना का आरोप है कि बीते 15 जून को कपाली ओपी में पूछताछ के नाम पर उसे बुलाया गया था। थाने के अंदर बंद कमरे में पुलिसकर्मियों ने उसके साथ डंडों से बेरहमी से मारपीट की। थर्ड डिग्री टॉर्चर के कारण उसके शरीर पर गंभीर चोटें आईं और गहरे निशान उभर आए। पीड़िता की इस शिकायत के बाद मानवाधिकार और सामाजिक संगठनों ने भी इस पर कड़ा विरोध दर्ज कराया था।

Jamshedpur Alpana Mahali Harassment Case एसडीपीओ की जांच रिपोर्ट के आधार पर एसपी ने लिया एक्शन

मामले की गंभीरता को देखते हुए सरायकेला-खरसावां की पुलिस अधीक्षक (SP) निधि द्विवेदी ने चांडिल एसडीपीओ (SDPO) को मामले की त्वरित जांच के आदेश दिए थे। एसडीपीओ ने जब इस पूरे प्रकरण की प्रारंभिक पड़ताल की, तो प्रथम दृष्टया तीनों पुलिसकर्मियों की भूमिका संदिग्ध और दोषी पाई गई। इसके बाद एसपी कार्यालय से एक आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर तीनों को सस्पेंड करने की पुष्टि की गई।

Jamshedpur Alpana Mahali Harassment Case लापता युवती के मामले में पूछताछ के लिए बुलाई गई थी पीड़िता

सूत्रों के मुताबिक, कपाली की रहने वाली तस्कीम खानम नामक एक युवती के अचानक लापता होने का मामला सामने आया था। इसी केस के सिलसिले में कपाली पुलिस कड़ियों को जोड़ते हुए अल्पना महाली तक पहुंची थी और उसे पूछताछ के लिए थाने लाया गया था। हालांकि, पूछताछ के दौरान कानून को हाथ में लेने के आरोप में अब पुलिस महकमे ने अपने ही अधिकारियों पर गाज गिराई है। प्रशासन का कहना है कि विस्तृत जांच अभी जारी है और अंतिम रिपोर्ट आने के बाद विभागीय या कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है।

ये भी पढ़े: Delhi Metro to Namo Bharat: सफर के दौरान क्यों गायब हो जाता है मोबाइल सिग्नल?