रिपोर्टर: मयंक गुप्ता
Gwalior : मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में बेखौफ अपराधियों ने पड़ाव थाने के ठीक सामने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। शनिवार सुबह नाश्ते की दुकान पर बैठे अशोक पाल नाम के युवक पर बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने गोलियां चला दीं। पेट में गोली लगने से युवक लहूलुहान होकर गिर पड़ा। घटना के बाद आरोपी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
नाश्ते की दुकान पर बैठे युवक पर बरसाईं गोलियां
Gwalior प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना शनिवार सुबह लगभग 11:30 से 12:00 बजे के मध्य की है। पीड़ित अशोक पाल अपने भाई सोनू पाल के साथ नाश्ते की दुकान पर बैठा हुआ था। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए बदमाशों ने अचानक ताबड़तोड़ तीन से चार राउंड फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई इस गोलीबारी से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और एक गोली सीधे अशोक के पेट में जा धंसी।
पुरानी रंजिश के चलते हमले की आशंका, आधा दर्जन पर संदेह
Gwalior वारदात के बाद घायल के परिजनों ने इलाके के ही दिनेश यादव और छोटू यादव सहित लगभग आधा दर्जन लोगों पर हमले का गंभीर आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि आरोपी पक्ष की एक युवती से जुड़े मामले को लेकर दोनों पक्षों के बीच काफी समय से पुरानी रंजिश चल रही थी, जिसे लेकर पूर्व में भी विवाद हो चुका था। हालांकि, पुलिस का कहना है कि वास्तविक कारणों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो पाएगा।
थाने के समक्ष हुई वारदात से हड़कंप, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
Gwalior पड़ाव पुलिस स्टेशन से चंद कदमों की दूरी पर दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज वारदात ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मौका-मुआयना किया। पुलिस आसपास की दुकानों और सड़कों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों के भागने के रूट का पता लगाया जा सके। आरोपियों की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।
ये भी पढ़े: दतिया मेडिकल कॉलेज के सह प्राध्यापक डॉ. हेमंत जैन ने पद से दिया इस्तीफा, व्यक्तिगत कारणों का दिया हवाला

