DatiaDatia
Spread the love

रिपोर्टर: विजय गुप्‍ता

Datia : दतिया कोतवाली थाना पुलिस ने शहर की एक प्रसिद्ध मोबाइल दुकान में हुई लाखों रुपये की चोरी का खुलासा करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मामले की तहकीकात करते हुए एक शातिर चोर को दबोच लिया है। पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल ने पत्रकार वार्ता के दौरान मामले की विस्तृत जानकारी दी। पकड़ाए गए आरोपी के पास से पुलिस ने करीब 10 लाख रुपये मूल्य के 30 महंगे मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

12-13 अगस्त की रात हुई थी चोरी, दुकान से पार किए थे 42 मोबाइल

Datia पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल ने बताया कि 12 और 13 अगस्त की दरम्यानी रात बदमाशों ने शहर के स्थित ‘सदगुरु मोबाइल’ स्टोर को अपना निशाना बनाया था। शातिर चोर दुकान के ताले तोड़कर कुल 42 नए स्मार्टफोन चुराकर रफूचक्कर हो गए थे। घटना के बाद से ही कोतवाली पुलिस की अलग-अलग टीमें आरोपियों की सुरागकशी में लगी हुई थीं।

मुखबिर की सूचना पर पकड़ा गया आरोपी संजू पाल, 30 फोन बरामद

Datia सघन जांच के बीच पुलिस को मुखबिर के जरिए ठोस जानकारी प्राप्त हुई। इसके आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम निचरौली के रहने वाले संजू पाल को हिरासत में लिया। कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपी ने चोरी की पूरी वारदात कबूल कर ली। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए 42 मोबाइलों में से 30 मोबाइल सफलतापूर्वक जब्त कर लिए हैं।

दो साथी अभी भी चल रहे हैं फरार, पुलिस टीम कर रही छापेमारी

Datia एसपी ने बताया कि इस सनसनीखेज वारदात में संजू पाल के साथ दयाराम पाल और जय शिव पाल भी शामिल थे। दोनों सह-आरोपी फिलहाल फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। इस मामले के खुलासे के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) मनजीत सिंह चावला, दतिया एसडीओपी आकांक्षा जैन, भांडेर एसडीओपी पूनम चंद यादव और कोतवाली थाना प्रभारी (TI) दिनेश राजपूत भी उपस्थित रहे।

ये भी पढ़े: ग्वालियर में पड़ाव थाने के सामने दिनदहाड़े अंधाधुंध फायरिंग, नाश्ते की दुकान पर बैठे युवक को लगी गोली; हालत गंभीर