रिपोर्टर: प्रभात कुमार
Godda : झारखंड के गोड्डा जिले में रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। मेहरमा थाना क्षेत्र के बाजितपुर-खिरौंधी मुख्य मार्ग पर एक अनियंत्रित मोटरसाइकिल के पुलिया से टकरा जाने के कारण बड़ा हादसा हो गया। इस टक्कर में मोटरसाइकिल पर सवार 55 वर्षीय महिला की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है, वहीं पुलिस ने मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
Godda अनियंत्रित होकर पुलिया से टकराया वाहन, मौके पर गई जान
मृतक महिला की पहचान बिहार के कहलगांव थाना अंतर्गत नंदलालपुर निवासी लक्ष्मी देवी (52 वर्ष) के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि मोटरसाइकिल की गति अत्यंत तेज थी, जिसके कारण चालक मोड़ पर नियंत्रण खो बैठा और बाइक सीधे पुलिया की दीवार से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि लक्ष्मी देवी के सिर पर गंभीर चोट आई और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के तुरंत बाद चालक मौके से फरार होने में सफल रहा।
Godda दो बच्चे गंभीर रूप से घायल, एक की हालत नाजुक
इस हादसे में मोटरसाइकिल पर सवार दो छोटे बच्चे, कार्तिक उरांव (4 वर्ष) और अजय उरांव (3 वर्ष) भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही मेहरमा थाना प्रभारी सौरभ कुमार ठाकुर तुरंत दल-बल के साथ मौके पर पहुँचे और मानवता का परिचय देते हुए दोनों घायल बच्चों को अपने वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) मेहरमा पहुँचाया। अस्पताल में ऑन-ड्यूटी डॉक्टर प्रणव कुमार ने बच्चों का प्राथमिक उपचार किया।
Godda बेहतर इलाज के लिए गोड्डा रेफर
प्राथमिक जांच के बाद डॉक्टर ने बताया कि 4 वर्षीय कार्तिक उरांव का पैर फ्रैक्चर हो गया है और उसकी स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए गोड्डा जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। वहीं, पुलिस ने लक्ष्मी देवी के शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त की प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गोड्डा भेज दिया है। पुलिस अब फरार मोटरसाइकिल चालक की तलाश में जुटी है।
Also Read This: Electrolyte imbalance: लक्षण, कारण और इसे ठीक करने के असरदार उपाय

