रिपोर्टर: रविन्द्र सिंह
Durg : छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। मोहन नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले आर्य नगर में एक ही परिवार के चार सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। इस सामूहिक मौत की खबर फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और आस-पास के लोग स्तब्ध हैं। सूचना मिलते ही पुलिस की आला टीम तुरंत मौके पर पहुंची और तफ्तीश शुरू कर दी गई है।
Durg कमरे में फंदे पर झूलते मिले माता-पिता, बेड पर पड़े थे बच्चे
घटनास्थल का नजारा बेहद खौफनाक था। घर के भीतर मुखिया गोविंद साहू (45 वर्ष) और उनकी पत्नी चंचल साहू (40 वर्ष) का शव फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला। वहीं दूसरी ओर, उनकी मासूम बेटी दृष्णा साहू (13 वर्ष) और बेटा यशांत साहू (11 वर्ष) कमरे में मृत अवस्था में पाए गए। बच्चों के शवों को देखकर आशंका जताई जा रही है कि उन्हें पहले जहर दिया गया या फिर उनका गला घोंटा गया है, जिसके बाद पति-पत्नी ने आत्मघाती कदम उठाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) विजय अग्रवाल सहित अन्य उच्च अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया।
Durg सुसाइड नोट बरामद: घरेलू कलह की आशंका
शुरुआती जांच और साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को तत्काल मौके पर बुलाया गया। छानबीन के दौरान पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। सूत्रों के मुताबिक, इस नोट में गहरे पारिवारिक विवाद और आपसी कलह का जिक्र किया गया है। पुलिस अब इस सुसाइड नोट की हैंडराइटिंग और उसमें लिखी बातों की कड़ाई से जांच कर रही है ताकि मौत की असली वजहों का पर्दाफाश हो सके।
Durg इलाके में पसरा मातम, हर पहलू पर जांच जारी
मोहन नगर थाना पुलिस ने इस दर्दनाक मामले में मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एक हंसते-खेलते परिवार के इस तरह अचानक खत्म हो जाने से पूरे आर्य नगर में शोक और दहशत का माहौल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सुसाइड नोट और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले की कड़ियों को जोड़ा जा रहा है, और घटना के हर संभावित पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है।
ये भी पढ़े: Constipation: कब्ज से राहत पाने के आयुर्वेदिक उपाय, पेट को स्वस्थ रखने के आसान घरेलू नुस्खे

