रिपोर्टर: अतुल श्रीवास्तव
Delhi : जलवायु कार्यकर्ता और सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के स्वास्थ्य और उनकी सुरक्षा से जुड़ी याचिका पर सुनवाई करते हुए दिल्ली उच्च न्यायालय ने एक महत्वपूर्ण फैसला दिया है। अदालत ने स्पष्ट किया कि सोनम वांगचुक को उनकी इच्छा के अनुसार अस्पताल में स्थानांतरित (शिफ्ट) किया जाना चाहिए। कोर्ट के मुताबिक, वांगचुक को मेदांता अस्पताल भेजना उनके मौलिक अधिकारों के संरक्षण के दृष्टिकोण से उचित रहेगा।
Delhi पत्नी गीतांजलि की याचिका पर सुनवाई, सॉलिसिटर जनरल ने रखी सरकार की बात
यह पूरी कानूनी प्रक्रिया सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि द्वारा दायर याचिका के बाद शुरू हुई। सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार का पक्ष रखते हुए सॉलिसिटर जनरल (SG) तुषार मेहता ने अदालत को सूचित किया कि यदि वांगचुक को सफदरजंग अस्पताल से हटाकर गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया जाता है, तो सरकार को इसमें कोई आपत्ति नहीं है। हालांकि, सॉलिसिटर जनरल ने यह शर्त भी जोड़ी कि डिस्चार्ज का अंतिम निर्णय मेदांता के डॉक्टरों की मेडिकल सलाह के आधार पर ही होना चाहिए, न कि मरीज की अपनी इच्छा पर।
Delhi भूख हड़ताल के 21वें दिन बिगड़ी थी तबीयत
उल्लेखनीय है कि सोनम वांगचुक अपनी मांगों को लेकर राजधानी के जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे थे। अनशन के 21वें दिन स्वास्थ्य स्थिति में भारी गिरावट आने के बाद शनिवार को उन्हें आपातकालीन स्थिति में दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कोर्ट में सुनवाई के दौरान वांगचुक के निजी चिकित्सक डॉ. लांबा भी उपस्थित रहे।
Delhi “मांगें पूरी होने तक जारी रहेगा अनशन”—सफदरजंग से सोनम वांगचुक का भावुक संदेश
अस्पताल के बेड से सोनम वांगचुक ने एक हस्तलिखित संदेश जारी कर अपने अनशन को जारी रखने के दृढ़ संकल्प को दोहराया है। उनके सोशल मीडिया हैंडल (X) पर साझा किए गए पत्र में वांगचुक ने लिखा:
“मेरा अनशन तब तक जारी रहेगा, जब तक युवा प्रतिनिधियों को संसद भवन में सांसदों से मिलने की अनुमति नहीं मिल जाती या फिर अस्पताल में ही सांसदों से संवाद की सुविधा नहीं दी जाती। मैं सरकार और पुलिस से अपील करता हूं कि वे छात्रों को संसद के समक्ष अपनी न्यायसंगत शिकायतें रखने का अवसर देकर इस संकट का शांतिपूर्ण हल निकालें।”
ये भी पढ़े: Motihari: मादक पदार्थों की तस्करी पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 86 किलो गांजे के साथ तस्कर गिरफ्तार

