DelhiDelhi
Spread the love

रिपोर्टर: सोनू कुमार

Delhi : 15 अगस्त (स्वतंत्रता दिवस) से ठीक पहले संभावित आतंकी खतरों को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने पूरी राजधानी में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल, क्राइम ब्रांच, रेलवे पुलिस और स्थानीय थानों की टीमें पूरी तरह से सतर्क हैं। इसी कड़ी में सुरक्षा तंत्र को मजबूत करने और आम जनता को जागरूक करने के लिए राजधानी के भीड़भाड़ वाले और संवेदनशील इलाकों में 19 खतरनाक वांटेड आतंकवादियों के पोस्टर लगाए गए हैं। इन पोस्टरों में इंडियन मुजाहिदीन, अल-कायदा और विभिन्न खालिस्तानी आतंकी संगठनों से जुड़े संदिग्धों की तस्वीरें और ब्योरा शामिल है।

Delhi पोस्टर में शामिल प्रमुख आतंकियों के नाम

जारी किए गए पोस्टरों में इंडियन मुजाहिदीन के रियाज भटकल और इकबाल भटकल, अल-कायदा से जुड़े मोहम्मद शर्जील अख्तर, अबू सुफियान, मोहम्मद उमर व सैयद मोहम्मद अर्शियान के नाम शामिल हैं। इसके अलावा खालिस्तानी संगठनों से जुड़े अर्शदीप सिंह उर्फ ‘अर्श डाला’, हरविंदर सिंह संधू उर्फ ‘रिंडा’, रंजीत सिंह उर्फ ‘नीता’, परमजीत सिंह ‘पम्मा’, वधावा सिंह बब्बर और गुरमीत सिंह बग्गा जैसे मोस्ट वॉन्टेड आतंकियों की फोटो लगाई गई हैं।

Delhi पुलिस की जनता से अपील: पहचान बताने पर मिलेगा इनाम, नाम रहेगा गुप्त

दिल्ली पुलिस ने सार्वजनिक स्थलों, रेलवे स्टेशनों और मुख्य बाजारों में ये पोस्टर लगाकर आम नागरिकों से सहयोग की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि इन आतंकियों के दिखने या इनके ठिकाने के बारे में कोई भी जानकारी मिलने पर तुरंत आपातकालीन नंबर 112 पर सूचना दें। सही जानकारी देने वालों को उचित इनाम दिया जाएगा और उनकी पहचान पूरी तरह से गुप्त रखी जाएगी।

स्वतंत्रता दिवस पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम, राजस्थान से भी 2 संदिग्ध धराए

हर साल 15 अगस्त के मद्देनजर एहतियात के तौर पर ऐसे पोस्टर लगाए जाते हैं ताकि आम नागरिक भी सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस को रिपोर्ट कर सकें। इस बीच सुरक्षा एजेंसियों की मुस्तैदी का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि राजस्थान के टोंक में एटीएस (ATS) ने जैश-ए-मोहम्मद से कनेक्शन के शक में 2 संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ जारी है।

ये भी पढ़े: क्या FCRA संशोधन विधेयक किसी खास समुदाय के खिलाफ है? जानिए अंतरराष्ट्रीय भ्रांतियों और सरकार की ओर से जारी सच्चाई