Advocate Murder Case:अधिवक्ता गुड्डू अंसारी हत्याकांड में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच संदिग्ध आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की गिरफ्तारी रामपाड़ा इलाके से की गई। उनके पास से हथियार, कारतूस, वाहन और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पांच आरोपी पुलिस की गिरफ्त में
Advocate Murder Case:पुलिस ने वैज्ञानिक जांच और मिले इनपुट के आधार पर अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी। इसी दौरान मो. रेहान, मो. अशफाक, इनायत, मो. महफूज और मुन्ना उर्फ अख्तर को पकड़ा गया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने एक देसी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, एक चाकू, एक स्कूटी, एक मोटरसाइकिल और पांच मोबाइल फोन बरामद किए। एसपी परिचय कुमार के अनुसार, मामले में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अब वारदात के पीछे की वजह और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।
घेरकर किया गया था अधिवक्ता पर हमला
Advocate Murder Case:पुलिस के अनुसार, कुछ दिन पहले नगर थाना क्षेत्र के कुम्हार टोली स्थित पटेल चौक के पास अधिवक्ता गुड्डू अंसारी पर हमला किया गया था। बदमाशों ने पहले उनकी स्कूटी को रोककर उन्हें नीचे गिराया। इसके बाद चाकू से हमला किया गया और फिर सिर में गोली मार दी गई।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे। वारदात का कथित वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया था, जिसके बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी।
पुराने विवाद के एंगल से भी जांच
Advocate Murder Case:मृतक के परिजनों ने एक पुराने विवाद का जिक्र करते हुए एक व्यक्ति पर हत्या में शामिल होने का आरोप लगाया था। पुलिस भी मृतक के पुराने विवादों और आपसी रंजिश से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर हत्या की पूरी साजिश, वारदात में उनकी भूमिका और अन्य संभावित आरोपियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

