Anuppur family murder case:मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के ग्राम आमोदा से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मानसिक रूप से विक्षिप्त एक युवक ने ममता में विवश होकर मां द्वारा रस्सी खोले जाने के बाद अपने ही परिवार पर कहर बरपा दिया। इस खौफनाक हमले में युवक ने अपनी मां, बहन और नाना-नानी समेत चार लोगों की हत्या कर दी, जबकि मामा सहित अन्य चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
मंदिर के पुजारी पर हमले के बाद परिवार ने बांधा था रस्सी से
Anuppur family murder case:पुलिस के मुताबिक, आरोपी 32 वर्षीय प्रेम सिंह गोंड कुछ समय से अपनी मां अनूपिया बाई के साथ अपने ननिहाल (ग्राम आमोदा) में रह रहा था। शुक्रवार रात उसने गांव के मंदिर के पुजारी गंगा सिंह पर अचानक डंडे से हमला कर दिया था, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इस हरकत के बाद गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने एहतियात के तौर पर प्रेम सिंह के हाथ-पैर रस्सी से बांधकर घर के पास बैठा दिया था।
ममता के आगे विवश मां ने खोली रस्सी, और फिर ढाया कहर
Anuppur family murder case:शनिवार तड़के करीब 4 से 5 बजे के बीच आरोपी की मां अनूपिया बाई को लगा कि अब उसका बेटा शांत हो गया है। मां होने के नाते ममता में विवश होकर उसने बेटे के हाथ-पैर की रस्सियां खोल दीं। रस्सी खुलते ही आरोपी हिंसक हो गया और उसने पास रखे डंडे से सबसे पहले अपनी 70 वर्षीय नानी भन्नी बाई पर हमला कर दिया।
बीच-बचाव करने आए परिजनों पर भी किया ताबड़तोड़ प्रहार
Anuppur family murder case:जब 75 वर्षीय नाना संपत सिंह गोंड अपनी पत्नी को बचाने दौड़े, तो आरोपी ने उन पर भी डंडे से ताबड़तोड़ प्रहार कर दिए। इसके बाद बीच-बचाव करने आईं उसकी मां अनूपिया बाई और ममेरी बहन मोनिका को भी उसने मौत के घाट उतार दिया। इस तांडव में नानी, नाना और मां की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल ममेरी बहन मोनिका ने शहडोल मेडिकल अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
मामा और अन्य परिजन घायल, पुलिस जांच में जुटी
Anuppur family murder case:घटना के दौरान आरोपी ने अपने मामा चैन सिंह और परिवार की अन्य बच्चियों पर भी हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का इलाज शहडोल में जारी है। सूचना मिलते ही अनूपपुर एसपी विक्रांत मुराब और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। ग्रामीणों की मदद से आरोपी को दोबारा पकड़कर रस्सी से बांधा गया, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी मानसिक रूप से विक्षिप्त है और उसकी अजीब हरकतों के कारण उसकी पत्नी भी उसे पहले ही छोड़ चुकी थी।

