रिपोर्टर: रंजन कुमार
Sheikhpura : जिले के राजकीय गौशाला परिसर में ‘गौ सम्मान आह्वान अभियान’ के तहत एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। पूरे बिहार में गौ रक्षा, गौ सम्मान और गोवंश की हत्या के विरोध में चलाए जा रहे इस जन-हस्ताक्षर अभियान को लेकर शेखपुरा में रणनीति तैयार की गई। बैठक में विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और गौ-सेवकों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
पुष्कर से पधारे संत गोपालानंद जी महाराज ने किया जागरूक
Sheikhpura बैठक में विशेष रूप से उपस्थित राजस्थान के पुष्कर आश्रम से आए स्वामी गोपालानंद जी महाराज ने लोगों को संबोधित किया। उन्होंने सनातन संस्कृति में गौ माता के धार्मिक व सामाजिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए समाज को गौ संरक्षण और संवर्धन के प्रति एकजुट होने का संदेश दिया।
17 दिसंबर को पटना में मुख्यमंत्री को सौंपा जाएगा हस्ताक्षर पत्र
Sheikhpura अभियान के समन्वयकों ने बताया कि प्रदेश भर से जुटाए गए लाखों नागरिकों के हस्ताक्षरयुक्त पत्र को आगामी 17 दिसंबर को राजधानी पटना में राज्य के मुख्यमंत्री को सौंपा जाएगा। इस दौरान शेखपुरा जिले से अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जुड़ने और पटना पहुँचकर अपनी भागीदारी दर्ज कराने की अपील की गई।
सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बुलंद की गौ रक्षा की आवाज
Sheikhpura बैठक में राहवीर अरुण कुमार और प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता सनोज पासवान सहित कई प्रबुद्ध जनों ने अपने विचार व्यक्त किए। उपस्थित सभी लोगों ने “गौ माता का सम्मान, हम सबका धर्म और कर्तव्य” के संकल्प को दोहराया और गांव-गांव तक इस मुहिम को पहुँचाने का निर्णय लिया।

