रिपोर्टर: राजेन्द्र कुमार
Mandala : जिले के नैनपुर पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले हीरापुर गांव में शनिवार तड़के एक बड़ा हादसा सामने आया है। गांव के खिरका मोहल्ला स्थित एक गणेश पंडाल में अचानक बिजली का करंट दौड़ गया। इस हादसे की चपेट में आने से 4 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 अन्य बुरी तरह झुलस गए। गंभीर रूप से घायल एक युवक को मंडला जिला अस्पताल रेफर किया गया है, वहीं दो घायलों का इलाज स्थानीय नैनपुर अस्पताल में जारी है।
विसर्जन के बाद पंडाल में विश्राम कर रहे थे युवक, तड़के हुआ हादसा
Mandala प्राप्त जानकारी के मुताबिक, गणेश प्रतिमा विसर्जन के अनुष्ठान के बाद करीब 7 से 8 युवक रात में पंडाल के अंदर ही सो गए थे। शनिवार सुबह लगभग 5:30 बजे अज्ञात कारणों से पूरे पंडाल के ढांचे में तेज करंट प्रवाहित हो गया। सोते समय अचानक बिजली की चपेट में आने से युवाओं को संभलने का मौका नहीं मिला और चीख-पुकार मच गई।
चार युवाओं की असमय मौत, घायलों का उपचार जारी
Mandala इस दर्दनाक दुर्घटना में जैनू भांवरे (19 वर्ष), रवि झारिया (24 वर्ष), कृष्ण कुमार भांवरे (18 वर्ष) और विरेन्द्र भांवरे (24 वर्ष) की जान चली गई। वहीं गंभीर रूप से झुलसे प्रियांशु को प्राथमिक उपचार के बाद मंडला जिला अस्पताल भेजा गया है। अन्य दो घायलों का नैनपुर में इलाज चल रहा है।
करंट फैलने के कारणों की पड़ताल में जुटी पुलिस प्रशासन
Mandala घटना की सूचना मिलते ही नैनपुर थाना पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और पंचनामा तैयार कर जांच शुरू कर दी। पुलिस और तकनीकी टीम इस बात का पता लगा रही है कि लोहे या बांस के ढांचे में शॉट सर्किट कैसे हुआ और बिजली का तार पंडाल के संपर्क में कैसे आया।

