रिपोर्टर: मनीष शुक्ला
Mauganj : जिले के हनुमना नगर में असामाजिक तत्वों द्वारा धार्मिक एवं सार्वजनिक धरोहरों को नुकसान पहुँचाने का गंभीर मामला उजागर हुआ है। केनवा तालाब स्थित प्राचीन शिव मंदिर परिसर में स्थापित नंदी महाराज की प्रतिमा का सिर खंडित कर दिया गया, वहीं वार्ड क्रमांक-9 स्थित गांधी पार्क में महात्मा गांधी की मूर्ति के साथ तोड़फोड़ कर उस पर अमर्यादित टिप्पणियां लिखी गईं। इस कायराना हरकत के बाद से स्थानीय नागरिकों में भारी रोष व्याप्त है।
बीती रात अंजाम दी गई वारदात, सुबह पुलिस और प्रशासनिक अमला पहुंचा
Mauganj घटना को देर रात अंजाम दिए जाने की आशंका है, जिसकी जानकारी स्थानीय लोगों को शनिवार सुबह लगी। सूचना मिलते ही हनुमना थाना पुलिस बल के साथ एसडीएम राजेश मेहता और एसडीओपी सचि पाठक ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। माहौल में तनाव को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने मामले की गहनता से पड़ताल शुरू कर दी है।
त्वरित कार्रवाई: प्राथमिकी दर्ज कर एक आरोपी हिरासत में लिया गया
Mauganj मऊगंज के अपर पुलिस अधीक्षक शशिकांत सरयाम ने बताया कि घटना के संबंध में तत्काल संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया है और उससे कड़ी पूछताछ की जा रही है। इसके साथ ही आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
जनप्रतिनिधियों की सख्त कार्रवाई की मांग, प्रतिमाओं के जीर्णोद्धार के निर्देश
Mauganj घटना की खबर फैलते ही पूर्व विधायक सुखेंद्र सिंह बन्ना भी घटनास्थल पर पहुंचे और वास्तविक दोषियों के खिलाफ 48 घंटे के भीतर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। इधर, प्रशासनिक अधिकारियों ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए खंडित प्रतिमाओं की तत्काल मरम्मत और जीर्णोद्धार कराने के निर्देश जारी किए हैं।
ये भी पढ़े: मंडला के हीरापुर गांव में बड़ा हादसा: गणेश पंडाल में करंट फैलने से 4 युवकों की दर्दनाक मौत, 3 झुलसे

