रिपोर्टर: अरविन्द सिंह
Bhopal : प्रदेश की जेलों में निरुद्ध बंदियों के मानसिक स्वास्थ्य में सुधार और उनके सकारात्मक पुनर्वास की दिशा में जेल विभाग ने एक अनूठी पहल की है। गुजरात के गांधीनगर स्थित राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय और मध्य प्रदेश जेल विभाग के बीच हुए समझौते के तहत संचालित ‘प्रोजेक्ट प्रहरी’ के माध्यम से केंद्रीय जेल भोपाल में राज्य के पहले ‘साइको सोशल केयर सेंटर’ की स्थापना की गई है। इस केंद्र का औपचारिक उद्घाटन जेल महानिदेशक (DG) वरुण कपूर द्वारा किया गया।
मानसिक तनाव और अवसाद दूर करने के लिए परामर्श व्यवस्था
Bhopal इस विशेष केंद्र के जरिए कैदियों के मानसिक स्वास्थ्य का नियमित मूल्यांकन और पेशेवर काउंसलिंग की जाएगी। इसका मुख्य ध्येय बंदियों में बढ़ते तनाव, अवसाद और आक्रामक प्रवृत्तियों को नियंत्रित करना है। इसके साथ ही, कैदियों में आत्मबल और सकारात्मक दृष्टिकोण को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न सुधारात्मक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
प्रशिक्षित जेलकर्मी करेंगे बंदियों का मूल्यांकन और उपचार
Bhopal राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय से विशेष प्रशिक्षण प्राप्त जेल अधिकारी एवं कर्मचारी कैदियों की मानसिक तथा सामाजिक स्थिति का सटीक आकलन करेंगे। सामान्य परामर्श के अलावा जिन बंदियों को अधिक चिकित्सीय सहायता की आवश्यकता होगी, उनके लिए सतत उपचार और फॉलो-अप की विशेष व्यवस्था भी की जाएगी।
प्रदेश की अन्य जेलों में भी विस्तार की योजना
Bhopal उद्घाटन के अवसर पर जेल डीजी वरुण कपूर ने स्पष्ट किया कि कारागार का उद्देश्य केवल सुरक्षा प्रदान करना नहीं, बल्कि कैदियों का सुधारात्मक पुनर्वास भी है। वहीं, राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय के निदेशक राकेश सिंह ने बताया कि यह देशभर में उनका 9वां केंद्र है। भोपाल जेल में प्राप्त परिणामों के आधार पर इस मॉडल को प्रदेश की अन्य जेलों में भी चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा।
ये भी पढ़े: शहडोल के बुढ़ार में स्वास्थ्य विभाग का बड़ा एक्शन: नियमों के उल्लंघन पर डॉ. बड़गैय्या क्लिनिक हुआ सील

