रिपोर्टर: योगेन्द्र सिंह
Raipur : राज्य में हो रही मूसलाधार बारिश के बीच एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। गंडई थाना क्षेत्र में सुरक्षा चेतावनियों और बैरिकेड्स को दरकिनार कर एक तेज रफ्तार कार चालक ने उफनती नदी में गाड़ी घुसा दी। पानी के तेज बहाव में कार सवार 5 लोग बीच नदी में फंस गए। हालांकि, मौके पर मौजूद गंडई थाना पुलिस ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी की जान सकुशल बचा ली।
सुरक्षा के लिए लगाए गए स्टॉपर को टक्कर मारते हुए नदी में घुसाई कार
Raipur जिले में हो रही भारी बारिश के कारण दनिया पुल के ऊपर से पानी बह रहा था। प्रशासन के निर्देश पर दनिया पुल पर पुलिस बल तैनात था और आने-जाने वालों को रोका जा रहा था। देर रात करीब 2:30 बजे रायपुर से कान्हा-किसली जा रही स्विफ्ट डिजायर कार (CG 04 PD 5636) वहां पहुंची। ड्यूटी पर तैनात जवानों के मना करने के बावजूद चालक ने बैरिकेड्स को टक्कर मारी और कार को सीधे तेज बहाव के बीच उतार दिया।
गंडई पुलिस का रात में साहसिक रेस्क्यू ऑपरेशन, टला बड़ा हादसा
Raipur कार के पुल के बीचों-बीच फंसते ही यात्रियों की जान पर बन आई। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में गंडई पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। उफनती नदी के बीच से एक-एक कर सभी पांचों यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और तुरंत नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) गंडई ले जाया गया, जहाँ उनका प्राथमिक उपचार हुआ।
रायपुर और दुर्ग के रहने वाले हैं सभी पांचों पर्यटक
Raipur पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि कार में सवार सभी 5 लोग देर रात रायपुर से मध्य प्रदेश के कान्हा-किसली राष्ट्रीय उद्यान के लिए निकले थे। कार चला रहे कुबेर साहू के अलावा गाड़ी में कमलेश साहू, निहाल सक्सेना (दोनों निवासी गुढ़ियारी, रायपुर) तथा महक कौर और प्रीति खने (निवासी भिलाई-दुर्ग) सवार थे। पुलिस की मुस्तैदी से समय रहते सभी की जान बच सकी।

