Meerut Anti Romeo Squad Arrests:उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में युवतियों और महिलाओं पर छींटाकशी (ईव टीजिंग) करने वाले दो मनचलों को पुलिस और एंटी रोमियो स्क्वॉड ने कड़ा सबक सिखाया है। थाना लालकुर्ती क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले नाला रोड पैठ बाजार में दो बहनों पर फब्तियां कसने के आरोप में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया है।
पैठ बाजार में दो बहनों को बनाया था निशाना
Meerut Anti Romeo Squad Arrests:प्राप्त जानकारी के अनुसार, लालकुर्ती थाना क्षेत्र के नाला रोड पैठ बाजार में कुछ युवक खरीदारी करने आईं दो सगी बहनों पर छींटाकशी कर रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही थाना लालकुर्ती पुलिस और एंटी रोमियो टीम तुरंत हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर दोनों आरोपियों को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान और आपराधिक इतिहास
Meerut Anti Romeo Squad Arrests:पुलिस ने पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों के नाम और पते का खुलासा किया है:
- कामिल: पुत्र अब्दुल अलीम, निवासी जामुन मोहल्ला, लालकुर्ती, मेरठ (उम्र 21 वर्ष)। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, इसके खिलाफ पहले से भी थाना लालकुर्ती में एक अन्य मामला (मु0अ0सं0 93/2025, धारा 306 बीएनएस) दर्ज है।
- सोफियान: पुत्र हाजी चांद, निवासी सोतीगंज, थाना सदर, मेरठ (उम्र 20 वर्ष)।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना लालकुर्ती में बीएनएस की धारा 296 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
हिन्दूवादी संगठनों का विरोध और पुलिस का सख्त रुख
Meerut Anti Romeo Squad Arrests:इस घटना के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और हिंदूवादी संगठनों में रोष देखने को मिला। हिंदूवादी संगठन के पदाधिकारी सचिन सिरोही अपने समर्थकों के साथ थाने पहुंचे और इस प्रकार की घटनाओं पर कड़ा ऐतराज जताया। उन्होंने कहा कि पैठ बाजारों में महिलाओं और युवतियों के साथ होने वाली ऐसी हरकतें बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएंगी और पुलिस को ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कदम उठाने चाहिए।
एसपी सिटी मेरठ विनायक गोपाल भोंसले ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि महिलाओं की सुरक्षा सर्वोपरि है। उत्तर प्रदेश सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत एंटी रोमियो टीम लगातार सक्रिय रहकर मनचलों और शोहदों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर रही है, ताकि सार्वजनिक स्थलों पर महिलाओं की सुरक्षा और गरिमा पूरी तरह सुरक्षित रह सके।

