By: Ravindra Singh
MP Weather : मध्य प्रदेश में मानसून की विदाई का समय करीब आ रहा है, लेकिन जाते-जाते राज्य में एक बार फिर तेज बारिश का सिलसिला शुरू हो गया है। सूबे में अब तक औसतन 34.2 इंच वर्षा दर्ज की गई है, जो कि सामान्य आंकड़े का लगभग 91.5 प्रतिशत है। हालांकि, मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले तीन-चार दिनों में होने वाली बौछारों से बारिश के इस कुल आंकड़े में और इजाफा देखने को मिल सकता है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बना डिप्रेशन (अवदाब) अब एक मजबूत मौसमी तंत्र का रूप ले रहा है। इस सिस्टम के प्रभाव से मध्य भारत के विभिन्न इलाकों समेत छत्तीसगढ़, ओडिशा और आंध्र प्रदेश में बारिश की गतिविधियां रफ्तार पकड़ेंगी।
छिंदवाड़ा, सिवनी और बालाघाट में भारी वर्षा की चेतावनी
MP Weather मौसम विभाग ने बुधवार को राज्य के दक्षिणी हिस्सों—विशेषकर छिंदवाड़ा, सिवनी और बालाघाट जिलों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर, ग्वालियर, नर्मदापुरम, सागर और रीवा संभाग समेत प्रदेश के लगभग सभी 50 से अधिक जिलों में हल्की से मध्यम और तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है।
26 सितंबर तक जारी रहेगा बारिश का सिलसिला
MP Weather मौसम विशेषज्ञ शैलेंद्र कुमार नायक के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और वायुमंडलीय बदलावों के चलते 26 सितंबर तक पूरे मध्य प्रदेश में रुक-रुक कर बारिश का दौर बना रहेगा। खासतौर पर 25 और 26 सितंबर को कुछ इलाकों में भारी से अति भारी वर्षा हो सकती है। इससे पहले सोमवार और मंगलवार को भी सागर के देवरी (2.4 इंच बारिश) समेत राज्य के 33 जिलों और 100 से ज्यादा शहरों में अच्छी बारिश दर्ज की गई।
एमपी के 23 जिलों में सामान्य से अधिक बरसा पानी
MP Weather प्रदेश के 23 जिलों में इस सीजन अब तक उम्मीद से ज्यादा बारिश हो चुकी है। इन जिलों में भोपाल, ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, राजगढ़, भिंड, दतिया, श्योपुर, आगर-मालवा, बुरहानपुर, खरगोन, अनूपपुर, छतरपुर, मैहर, मऊगंज, निवाड़ी, पन्ना, सतना, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, टीकमगढ़ और उमरिया शामिल हैं। शेष जिलों में फिलहाल वर्षा का स्तर सामान्य या उससे थोड़ा कम है, जिसमें आगामी दिनों की बारिश से सुधार होने की उम्मीद है।
ये भी पढ़े: जिम या खेल के दौरान क्यों बढ़ता है हार्ट अटैक का खतरा? जानें वजहें और जरूरी सावधानियां

