रिपोर्टर: रंजीत सिंह
MP Weather : मध्यप्रदेश में अर्नब के बाद अब चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ के प्रभाव से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाने के साथ बारिश और तेज हवाओं का दौर शुरू हो गया है। बीते चार दिनों में अधिकतम तापमान में 7 से 8 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। रात के समय भी ठंड का असर बढ़ने लगा है। मौसम विभाग ने 5 नवंबर तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में आंधी, गरज-चमक और बारिश की संभावना जताई है।
मध्यप्रदेश के 15 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट
MP Weather मौसम विभाग ने सोमवार को प्रदेश के 15 जिलों में खराब मौसम की चेतावनी जारी की है। इनमें जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, कटनी, उमरिया, अनूपपुर, शहडोल, मैहर, सीधी और सिंगरौली शामिल हैं।
इन इलाकों में तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और बारिश होने की आशंका है। इससे पहले रविवार को भी सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडौरी, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, मैहर और पांढुर्णा में हल्की बारिश दर्ज की गई थी।
मुरासु तूफान का असर कई संभागों में, 7.7 डिग्री तक लुढ़का पारा
MP Weather बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान मुरासु के प्रभाव से मध्यप्रदेश के कई संभागों में मौसम प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार जबलपुर, रीवा, शहडोल, नर्मदापुरम और इंदौर संभाग में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। वहीं भोपाल, उज्जैन, ग्वालियर, चंबल और सागर संभाग में बादल छाए रहने के साथ कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है।
बदलते मौसम का असर तापमान पर भी साफ नजर आ रहा है। बीते 48 घंटों में चंबल, रीवा, शहडोल और सागर संभाग में अधिकतम तापमान 5.3 से 7.7 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है। इसके अलावा भोपाल, इंदौर, नर्मदापुरम, उज्जैन, ग्वालियर और जबलपुर संभाग में पारे में 4.9 डिग्री तक की कमी आई है। रात के तापमान में भी 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है।
दमोह में सबसे ठंडी रात, नवंबर के दूसरे सप्ताह से बढ़ेगी सर्दी
MP Weather प्रदेश में रात के तापमान में गिरावट के चलते ठंड का एहसास बढ़ने लगा है। बीती रात दमोह प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 14.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा अमरकंटक में 15.1 डिग्री, भोपाल में 15.2 डिग्री, गिरवर (शाजापुर) में 15.4 डिग्री और मलाजखंड (बालाघाट) में 15.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग का अनुमान है कि नवंबर के दूसरे सप्ताह से प्रदेश में सर्दी का असर और बढ़ सकता है। खासतौर पर ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में उत्तर दिशा से आने वाली ठंडी हवाओं के कारण रात का तापमान तेजी से नीचे जा सकता है। गौरतलब है कि ग्वालियर में नवंबर महीने में न्यूनतम तापमान का ऐतिहासिक स्तर 3 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा चुका है। ऐसे में आने वाले दिनों में प्रदेशवासियों को ठंड के लिए तैयार रहना होगा।
ये भी पढ़े: BJP nationwide march: अमित शाह हैदराबाद में तो नितिन नवीन कोलकाता-भागलपुर में संभालेंगे मोर्चा,

