रिपोर्टर: प्रेम श्रीवास्तव
Jamshedpur : पारडीह चौक स्थित अघोरेश्वर भगवान राम अभेद आश्रम (श्री सर्वेश्वरी समूह) में 66वाँ स्थापना दिवस समारोह श्रद्धा और सेवा भाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आश्रम परिसर और आसपास के क्षेत्रों में प्रभात फेरी, स्वच्छता अभियान, मुफ्त चिकित्सा शिविर, सत्संग और महाप्रसाद वितरण सहित कई आध्यात्मिक व सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
1961 से जारी है मानव कल्याण की यात्रा
Jamshedpur आश्रम के व्यवस्थापक रामाशंकर सिंह ने बताया कि इस संस्था की स्थापना वर्ष 1961 में हुई थी। स्थापना के बाद से ही आश्रम निस्वार्थ भाव से समाज सेवा और पीड़ित मानव कल्याण के कार्यों में संलग्न है। कुष्ठ रोग उन्मूलन के क्षेत्र में आश्रम द्वारा किए गए अभूतपूर्व योगदान को लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स और गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में भी दर्ज किया जा चुका है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि संस्था बिना किसी सरकारी वित्तीय सहायता के अपने संसाधनों से समाज हित में 19-सूत्रीय जनकल्याणकारी कार्यक्रम संचालित करती है। इसके तहत पूर्वी सिंहभूम जिले के ग्रामीण इलाकों, झुग्गी-बस्तियों और सबर टोलों में जाकर दिव्यांगों, असहायों और पीड़ितों की नियमित सहायता की जाती है। साथ ही, आश्रम परिसर में निर्धन बच्चों की शिक्षा के लिए सीबीएसई पाठ्यक्रम पर आधारित कक्षा छह तक का स्कूल भी संचालित हो रहा है।
देशभर में फैला सेवा का विशाल नेटवर्क
Jamshedpur समारोह को संबोधित करते हुए आश्रम के उपाध्यक्ष व वरिष्ठ समाजसेवी शंभू सिंह ने कहा कि उनके पिता आश्रम के संस्थापक सदस्यों में शामिल थे। उसी प्रेरणा से वे भी पूरे समर्पण के साथ मानव सेवा के इस अभियान से जुड़े हैं।
उन्होंने बताया कि अघोरेश्वर भगवान राम द्वारा स्थापित श्री सर्वेश्वरी समूह की शाखाएँ आज पूरे भारत में फैली हैं, जिसके तहत 128 आश्रम संचालित हो रहे हैं। इस संपूर्ण संस्था का प्रधान केंद्र (मुख्यालय) वाराणसी (बनारस) में स्थित है।
प्रभात फेरी, स्वास्थ्य शिविर और महाप्रसाद का आयोजन
Jamshedpur आश्रम के कोषाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह ने बताया कि 66वें स्थापना दिवस की शुरुआत सुबह भव्य प्रभात फेरी, परिसर की सफाई और सत्संग से हुई। इस दौरान आयोजित नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का सैकड़ों स्थानीय निवासियों, सुदूर क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं और स्कूली बच्चों ने लाभ उठाया।
दिनभर चले इन कार्यक्रमों के समापन पर सभी उपस्थित श्रद्धालुओं और आम जनों के बीच महाप्रसाद (भोग) का वितरण किया गया। कार्यक्रम में संस्था के अनेक गणमान्य सदस्य, पदाधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
ये भी पढ़े: मध्य प्रदेश में फिर मंडराए बदरा, 24-25 सितंबर को फिर भारी बारिश की चेतावनी; जानें अपने जिले का हाल

