Spread the love

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को मथुरा पहुंचे। मुख्यमंत्री के रूप में उनका श्रीकृष्ण जन्मभूमि का यह 20वां दौरा रहा, जहां उन्होंने मुख्य गर्भगृह में पहुंचकर विधि-विधान से ‘लाला’ (बाल कृष्ण) के दर्शन किए और विशेष पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। जन्मभूमि पहुंचने पर श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के पदाधिकारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

चांदी से सजे गर्भगृह की निहारी अलौकिक छटा

इस पावन पर्व पर जन्मभूमि के मुख्य गर्भगृह को चांदी की परतों से बेहद भव्य और मनमोहक रूप से सजाया गया था। सीएम योगी ने गर्भगृह की इस अद्भुत छटा और बाल गोपाल के स्वरूप को देर तक भावविभोर होकर निहारा। इसके बाद उन्होंने परिसर में स्थित योगमाया मंदिर, केशवदेव मंदिर और भागवत भवन में भी माथा टेककर देश और प्रदेश की खुशहाली की कामना की।

गोपूजन और कलाकारों का बढ़ाया उत्साह

मंदिर में दर्शन से पहले मुख्यमंत्री ने परिसर में गोमाता का पूजन किया। जन्मोत्सव मनाने पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं का अभिवादन करते हुए उन्होंने उन पर पुष्प वर्षा की और सभी को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उज्जैन से आए कलाकारों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिनके बीच पहुंचकर सीएम ने उनका उत्साहवर्धन किया और उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। मुख्यमंत्री करीब आधे घंटे तक जन्मभूमि परिसर में मौजूद रहे।