UjjainUjjain
Spread the love

रिपोर्टर: रविन्‍द्र सिंह

Ujjain : धार्मिक नगरी उज्जैन से एक बेहद शर्मनाक और हैरान करने वाली घटना सामने आई है, जहां विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर के बाहर दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालुओं के साथ मारपीट की गई। मंदिर के गेट नंबर एक के समीप स्थित एक रेस्टोरेंट में खान-पान के विवाद को लेकर रेस्टोरेंट संचालक और उसके कर्मचारियों ने श्रद्धालुओं पर हमला कर दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद श्रद्धालुओं की सुरक्षा और स्थानीय कारोबारियों के व्यवहार को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

खाने के विवाद में कर्मचारियों का तांडव, महिलाओं को भी बनाया निशाना

Ujjain जानकारी के अनुसार, श्रद्धालु भगवान महाकाल के दर्शन करने के बाद गेट नंबर एक के बाहर स्थित ‘शिवम रेस्टोरेंट’ में भोजन करने पहुंचे थे। टेबल पर खाना परोसने और ऑर्डर को लेकर श्रद्धालुओं की रेस्टोरेंट कर्मियों से मामूली कहासुनी हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि कर्मचारियों ने आपा खो दिया और श्रद्धालुओं के साथ गाली-गलौज करते हुए हाथापाई शुरू कर दी। बीच-बचाव करने आई महिला श्रद्धालुओं के साथ भी कर्मचारियों ने बदसलूकी और धक्का-मुक्की की, जिससे मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

लोहे की ट्रे से हमला, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

Ujjain प्रत्यक्षदर्शियों और वायरल वीडियो के आधार पर आरोप है कि रेस्टोरेंट संचालक और उसके कर्मचारियों ने श्रद्धालुओं पर जानलेवा हमला करने की नीयत से रसोई में रखी लोहे की ट्रे और अन्य भारी बर्तनों का इस्तेमाल किया। सड़क पर खुलेआम हुई इस मारपीट का वीडियो आसपास मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कर्मचारी श्रद्धालुओं को दौड़ा-दौड़ाकर पीटते और बदसूली करते साफ दिखाई दे रहे हैं।

जांच में जुटी महाकाल थाना पुलिस

Ujjain घटना के संदर्भ में महाकाल थाना पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया के माध्यम से विवाद का वीडियो उनके संज्ञान में आया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, अभी तक पीड़ित पक्ष या किसी भी पक्ष की ओर से थाने में लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर रेस्टोरेंट और उसमें मौजूद कर्मचारियों की पहचान की जा रही है। शिकायत मिलते ही दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़े: मानवता को समर्पित पहल: स्व. दिनेश चौधरी की स्मृति में सिंहभूम चैम्बर का रक्तदान शिविर, 110 यूनिट रक्त संग्रहित