JamshedpurJamshedpur
Spread the love

Jamshedpur : सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा शनिवार को चैम्बर भवन में एक भव्य स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर चैम्बर के पूर्व उपाध्यक्ष (वित्त एवं कराधान) स्व. सीए दिनेश चौधरी की पुण्यतिथि के अवसर पर उनकी स्मृति में आयोजित किया गया। सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चले इस शिविर में शहर के व्यवसायियों, उद्यमियों और युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और कुल 110 यूनिट रक्त संग्रहित कर दिवंगत आत्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

वरीय पुलिस अधीक्षक और सिविल सर्जन ने किया शिविर का शुभारंभ

Jamshedpur रक्तदान शिविर का औपचारिक उद्घाटन मुख्य अतिथि पूर्वी सिंहभूम के वरीय आरक्षी अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. एहतशाम वकारिब (भा.पु.से.) एवं विशिष्ट अतिथि सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर एसएसपी और सिविल सर्जन ने चैम्बर के इस सामाजिक प्रयास की भूरि-भूरि प्रशंसा की। अतिथियों ने कहा कि एक व्यापारिक संगठन द्वारा इस तरह की जनहितकारी और मानवीय पहल अत्यंत सराहनीय है। ऐसे आयोजन समाज के अन्य वर्गों को भी रक्तदान जैसी जीवनदायिनी गतिविधियों से जुड़ने की प्रेरणा देते हैं।

चैम्बर परिवार और परिजनों ने दी भावुक श्रद्धांजलि

Jamshedpur कार्यक्रम के दौरान चैम्बर अध्यक्ष मानव केडिया और मानद महासचिव पुनीत कांवटिया ने स्व. दिनेश चौधरी के योगदान को याद करते हुए कहा कि वे एक समर्पित सदस्य थे, जिन्होंने कोरोना काल में व्यापारियों की समस्याओं के समाधान हेतु अग्रिम पंक्ति में रहकर कार्य किया। इसी दौरान वे स्वयं संक्रमण की चपेट में आ गए थे। शिविर में उपस्थित स्व. चौधरी के भाइयों – सुरेश चौधरी व आनंद चौधरी तथा अन्य परिजनों ने चैम्बर भवन में लगातार पांचवीं बार आयोजित इस रक्तदान शिविर के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया।

व्यापारियों और नई पीढ़ी में दिखा रक्तदान को लेकर भारी उत्साह

Jamshedpur चैम्बर सचिव सुरेश शर्मा एवं उपाध्यक्ष अभिषेक अग्रवाल गोल्डी ने जानकारी दी कि सदर अस्पताल ब्लड बैंक की मेडिकल टीम के सहयोग से यह शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। शिविर में कई महिला कारोबारियों और पहली बार रक्तदान करने वाले युवाओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में सिंहभूम चैम्बर के पदाधिकारियों, कार्यकारिणी सदस्यों, एसिया के प्रतिनिधियों और शहर के कई प्रमुख उद्योगपतियों ने सक्रिय योगदान देकर सामाजिक एकजुटता का परिचय दिया।

ये भी पढ़े: जामताड़ा में भक्ति और आस्था का महासंगम: आर्ट ऑफ लिविंग के तत्वावधान में आयोजित हुआ भव्य महा रुद्राभिषेक