MaharashtraMaharashtra
Spread the love

रिपोर्टर: सचीन रस्‍तोगी

Maharashtra : रेजिडेंट डॉक्टरों का विरोध प्रदर्शन अब उग्र रूप ले चुका है। महाराष्ट्र एसोसिएशन ऑफ रेजिडेंट डॉक्टर्स (MARD) और इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) ने मिलकर अपनी 24 घंटे की सांकेतिक हड़ताल को अब अनिश्चितकालीन हड़ताल में बदल दिया है। यह पूरा विवाद राज्य सरकार और महाराष्ट्र मेडिकल काउंसिल के उस फैसले के खिलाफ है, जिसके तहत होम्योपैथी डॉक्टरों को ‘सर्टिफिकेट कोर्स इन मॉडर्न फार्माकोलॉजी’ (CCMP) के जरिए एलोपैथिक दवाएं लिखने की अनुमति दी गई है।

Maharashtra आजाद मैदान में प्रदर्शन: “90 दिन के कोर्स से नहीं बन सकते MBBS”

गुरुवार को मुंबई के ऐतिहासिक आजाद मैदान में सैकड़ों रेजिडेंट डॉक्टरों और IMA के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने एकजुट होकर प्रदर्शन किया। हाथों में ‘No CCMP’ लिखी तख्तियां लेकर डॉक्टरों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी डॉक्टरों का स्पष्ट तर्क है कि महज 90 दिनों का संक्षिप्त कोर्स कराकर किसी होम्योपैथी डॉक्टर को सालों की कठिन पढ़ाई करने वाले MBBS या MD डॉक्टरों के समकक्ष नहीं खड़ा किया जा सकता। उन्होंने इस फैसले को सीधे तौर पर मरीजों की जान और जन-स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करार दिया है।

Maharashtra इमरजेंसी सेवाएं जारी, लेकिन आंदोलन तेज करने की चेतावनी

हड़ताल पर गए डॉक्टरों ने साफ किया है कि उनका मकसद आम जनता को परेशान करना नहीं है। इसलिए अस्पतालों में पहले से भर्ती मरीजों के इलाज और आपातकालीन (इमरजेंसी) सेवाओं को हड़ताल से बाहर रखा गया है। हालांकि, MARD प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने जल्द ही इस फैसले को वापस लेने के लिए बातचीत शुरू नहीं की, तो आने वाले दिनों में इमरजेंसी सेवाओं को भी बंद करने पर विचार किया जा सकता है।

बॉम्बे हाईकोर्ट सख्त: मामले पर स्वतः संज्ञान लेकर तुरंत सुनवाई

इस बीच, डॉक्टरों की इस अनिश्चितकालीन हड़ताल और स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ रहे असर का बॉम्बे हाईकोर्ट ने स्वतः संज्ञान (Suo Moto) लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अदालत ने IMA (महाराष्ट्र), MARD और राज्य सरकार के चिकित्सा शिक्षा विभाग को नोटिस जारी कर दोपहर 1 बजे ही आपातकालीन सुनवाई तय की है। अब सभी की निगाहें हाईकोर्ट के रुख पर टिकी हैं कि क्या अदालत इस विवाद में मध्यस्थता कर हड़ताल खत्म करवा पाएगी।

ये भी पढ़े: लश्कर कमांडर लतीफ भट पर 15 लाख का इनाम: कश्मीर में जगह-जगह लगे पोस्टर, टारगेट किलिंग में है वांटेड