MaharashtraMaharashtra
Spread the love

रिपोर्टर: योगेन्‍द्र सिंह

Maharashtra : होम्योपैथी डॉक्टरों को एलोपैथिक दवाएं लिखने और महाराष्ट्र मेडिकल काउंसिल (MMC) में रजिस्ट्रेशन की अनुमति देने के खिलाफ रेजिडेंट डॉक्टरों की अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बॉम्बे हाईकोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है। मामले पर स्वतः संज्ञान लेते हुए हाईकोर्ट ने आंदोलनकारी डॉक्टरों को कड़ी फटकार लगाई और कहा कि ‘अगर काम नहीं तो सैलरी भी बंद करें’। अदालत ने अस्पतालों में मरीजों की सुरक्षा पर चिंता जताते हुए डॉक्टरों को तुरंत अपनी हड़ताल खत्म कर काम पर लौटने के निर्देश दिए हैं।

Maharashtra ’24 घंटे में एक भी मरीज की मौत हुई तो याद रखिए’: अदालत की कड़ी चेतावनी

सुनवाई के दौरान बॉम्बे हाईकोर्ट ने बेहद तल्ख टिप्पणी करते हुए कहा कि डॉक्टरों की हड़ताल की वजह से सरकारी अस्पतालों में आने वाले गरीब मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अदालत ने चेतावनी देते हुए कहा, “यदि 24 घंटे के भीतर नगर निगम के अस्पताल में एक भी मरीज की मौत इलाज के अभाव में हुई तो इसके परिणाम गंभीर होंगे। जब आपने काम बंद कर दिया है, तो वेतन लेने का भी कोई हक नहीं बनता।”

Maharashtra क्या है विवाद और क्यों हड़ताल पर हैं MARD के डॉक्टर?

महाराष्ट्र एसोसिएशन ऑफ रेजिडेंट डॉक्टर्स (MARD) का विरोध राज्य सरकार के उस फैसले (जीआर) को लेकर है जिसके तहत ब्रिज कोर्स (CCMP) पास करने वाले होम्योपैथी (BHMS) डॉक्टरों को एलोपैथी प्रैक्टिस का अधिकार दिया जा रहा है। डॉक्टरों के वकीलों का तर्क है कि कठिन NEET परीक्षा पास कर सालों की मेहनत के बाद एलोपैथिक डॉक्टर बनते हैं। महज एक संक्षिप्त ब्रिज कोर्स के आधार पर होम्योपैथ्स को यह अधिकार देना मरीजों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ है। MARD ने मांग की है कि जब तक कोर्ट का अंतिम फैसला नहीं आता, इस रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया को स्थगित रखा जाए।

ओपीडी और रूटीन सेवाएं ठप, इमरजेंसी सेवाएं चालू

MARD द्वारा बुलाई गई इस हड़ताल के कारण राज्यभर के सरकारी और मेडिकल कॉलेज अस्पतालों में ओपीडी (OPD), रूटीन ड्यूटी, इलेक्टिव सर्जरी और शैक्षणिक गतिविधियां पूरी तरह ठप पड़ी हैं। हालांकि, मरीजों की गंभीर स्थिति को देखते हुए कैजुअल्टी और इमरजेंसी सेवाएं फिलहाल जारी रखी गई हैं। हाईकोर्ट की इस सख्त फटकार के बाद अब राज्य सरकार और MARD के रुख पर सभी की नजरें टिकी हैं।

ये भी पढ़े: पंचकूला में रिटायर्ड कैप्टन की पत्नी की हत्या: CCTV में शव छिपाती दिखी मेड, बेटा भी था साथ; तीनों गिरफ्तार