Ram MandirRam Mandir
Spread the love

रिपोर्टर: ज्ञानेन्‍द्र चौहान

Ram Mandir Donation Controversy : अयोध्या राम मंदिर के चढ़ावे और दान में कथित अनियमितताओं को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। अब कैसल ग्रुप ऑफ कंपनीज के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर डॉक्टर राजू वी. मनवानी ने श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने आशंका जताई है कि सिंधी समुदाय द्वारा दान की गई करोड़ों रुपये की चांदी की ईंटों के साथ हेरफेर की गई है।

Ram Mandir Donation Controversy बिना रसीद के सौंपी गई थीं 200 किलो चांदी की ईंटें

डॉ. राजू मनवानी के अनुसार, 26 जनवरी 2021 को पूरे सिंधी समुदाय की तरफ से अयोध्या में चंपत राय को एक-एक किलोग्राम वजन की 200 चांदी की ईंटें सौंपी गई थीं। उन्होंने दावा किया कि उस समय ट्रस्ट की ओर से कोई रसीद नहीं दी गई थी। चंपत राय ने तब कहा था कि वे पहले इसकी जांच करेंगे कि इसका उपयोग कहां और कैसे किया जाना है, जिसके बाद वे सूचित करेंगे। खबरों में आ रही गड़बड़ियों के बाद अब सिंधी समाज ने रसीद और चांदी के सटीक इस्तेमाल की जानकारी मांगी है।

Ram Mandir Donation Controversy आज 6 से 7 करोड़ रुपये है दान की गई चांदी की कीमत

मनवानी ने चिंता जताते हुए कहा कि जब यह दान दिया गया था, तब इस चांदी की कीमत करीब 1.5 से 2 करोड़ रुपये थी, जो आज बढ़कर 6 से 7 करोड़ रुपये हो चुकी है। उन्होंने कहा कि आस्था के साथ खिलवाड़ होने से भविष्य के दानदाताओं पर बुरा असर पड़ता है। उन्होंने मांग की है कि चूंकि देश और राज्य में मजबूत नेतृत्व है, इसलिए यदि इस मामले की जांच के लिए एसआईटी (SIT) का गठन किया गया है, तो दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।

Ram Mandir Donation Controversy 39 किलो से अधिक के अन्य चांदी के सामानों का भी पता नहीं

राम मंदिर के चढ़ावे से जुड़ा यह अकेला मामला नहीं है। लखनऊ के एक प्रमुख जौहरी और इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के उत्तर भारत प्रमुख अनुराग रस्तोगी ने भी दावा किया है कि उन्हें भूमिपूजन (5 अगस्त 2020) से पहले एसोसिएशन द्वारा दान किए गए 39.26 किलोग्राम चांदी के सामान और 3 किलोग्राम वजनी चांदी के दीपक की मौजूदा स्थिति के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पा रही है।

ये भी पढ़े: Executive Engineer Bribery Case: रिटायरमेंट से ठीक 6 दिन पहले रिश्वत लेते पकड़ा गया एक्जीक्यूटिव इंजीनियर, आलीशान घर की छत पर मिला स्विमिंग पूल