रिपोर्टर: संजीव कुमार शर्मा
Bhagalpur : बिहार के भागलपुर जिले की सबौर थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए हाल ही में हुए चर्चित हत्याकांड की गुत्थी को सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मर्डर केस में शामिल तीन मुख्य अभियुक्तों को दबोचने में सफलता पाई है। पकड़े गए अपराधियों के पास से पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया है।
Bhagalpur इंजीनियरिंग कॉलेज रोड पर युवक को मारी थी गोली
भागलपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) के निर्देश पर जिले में अपराधियों, अवैध हथियारों और नशीले पदार्थों के खिलाफ लगातार धरपकड़ अभियान चलाया जा रहा है। इसी बीच सबौर पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आर्य टोला स्थित इंजीनियरिंग कॉलेज रोड के पास कुछ अज्ञात बदमाशों ने एक व्यक्ति पर फायरिंग कर दी है। पुलिस फौरन मौके पर पहुंची और लहूलुहान हालत में पीड़ित निराला यादव (पिता स्वर्गीय लक्ष्मण यादव, निवासी गोपालपुर) को इलाज के लिए मायागंज स्थित जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
Bhagalpur सीसीटीवी और वैज्ञानिक साक्ष्यों से खुले राज
इस सनसनीखेज हत्या के बाद मृतक के बेटे रोहित कुमार की शिकायत पर सबौर थाने में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस (मानव स्रोतों), वैज्ञानिक एवं तकनीकी अनुसंधान और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) फुटेज को खंगाला। इन पुख्ता सबूतों के आधार पर पुलिस ने हत्या में शामिल तीनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें धर दबोचा।
Bhagalpur बाबूपुर के रहने वाले हैं तीनों हत्यारोपी
पुलिस गिरफ्त में आए अपराधियों की पहचान बहादुर कुमार, पांडव कुमार और अजय मंडल उर्फ छंगुरी मंडल के रूप में हुई है। ये तीनों आरोपी सबौर थाना क्षेत्र के बाबूपुर गांव के निवासी हैं। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने जब इनसे कड़ाई से पूछताछ की, तो उनकी निशानदेही पर ही मर्डर में इस्तेमाल कट्टा और कारतूस बरामद हुआ। फिलहाल पुलिस इन सभी से आगे की पूछताछ कर रही है ताकि कोर्ट में मजबूत चार्जशीट पेश की जा सके।
ये भी पढ़े: Trinamool Congress को एक और बड़ा झटका: सांसद सुस्मिता देव ने राज्यसभा से दिया इस्तीफा

