रिपोर्टर: अजीत कुमार ठाकुर
Supaul : जिले के जदिया थाना से एक बेहद संवेदनशील और तनावपूर्ण मामला सामने आया है। यहाँ पुलिस हिरासत में रखे गए एक 25 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की खबर फैलते ही बुधवार को पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया। उग्र ग्रामीणों और मृतक के परिजनों ने इंसाफ की मांग को लेकर थाने के ठीक सामने स्टेट हाईवे-91 को पूरी तरह जाम कर दिया और जमकर नारेबाजी की। मृतक की शिनाख्त कोरियापट्टी पूर्व (वार्ड नंबर-4) निवासी नंदन यादव के पुत्र बिट्टू कुमार के रूप में हुई है।
Supaul डायल-112 को सौंपने के बाद हुआ हादसा
पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक, बिट्टू कुमार शराब के नशे में धुत होकर घर में हंगामा कर रहा था। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए परिजनों ने खुद ही आपातकालीन सेवा डायल-112 को इसकी सूचना दी और उसे पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस का दावा है कि हिरासत में आने के बाद से ही युवक गहरे मानसिक तनाव और डिप्रेशन में था। इसी बीच, मंगलवार की देर रात उसने थाना परिसर के भीतर ही कथित तौर पर फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। बुधवार सुबह जैसे ही यह बात बाहर आई, सैकड़ों की तादाद में ग्रामीण थाने पर इकट्ठा हो गए।
Supaul परिजनों का गंभीर आरोप: ‘आत्महत्या नहीं, कस्टोडियल डेथ’
दूसरी ओर, मृतक के परिवार ने पुलिस द्वारा दिए जा रहे सुसाइड के तर्क को सिरे से खारिज कर दिया है। परिजनों ने जदिया थाना पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि बिट्टू की कस्टडी में बेरहमी से पिटाई की गई है, जिसके कारण उसकी जान गई। उनका आरोप है कि मामले को रफा-दफा करने और पुलिसिया बर्बरता को छिपाने के लिए इसे आत्महत्या का रंग दिया जा रहा है। परिजनों के अनुसार, मृतक के गले पर चोट और अत्यधिक दबाव के निशान थे, साथ ही एक लाल रंग का कपड़ा गले में लिपटा हुआ मिला जो बेहद संदेहास्पद है।
Supaulप्रशासन की मुस्तैदी और एसपी की सख्त कार्रवाई का आश्वासन
थाना परिसर में मौत और उसके बाद सड़क जाम की खबर मिलते ही जिला प्रशासन और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भारी बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत करने का प्रयास किया। इस विरोध प्रदर्शन के कारण स्टेट हाईवे पर घंटों यातायात पूरी तरह ठप रहा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सुपौल के एसपी शरथ आर.एस ने बयान जारी कर कहा:
“युवक को उसके परिवार की शिकायत पर ही डायल-112 की टीम ने हिरासत में लिया था। पुलिस कस्टडी में हुई इस मौत के मामले को अत्यंत गंभीरता से लिया जा रहा है। घटना की निष्पक्ष और पूरी जांच के आदेश दे दिए गए हैं। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”

