रिपोर्टर: अविनाश श्रीवास्तव
Rohtas : बिहार के रोहतास जिले में अवैध बालू के काले कारोबार पर प्रशासन ने अब तक का सबसे बड़ा डंडा चलाया है। डेहरी अनुमंडल क्षेत्र में आधी रात को एसडीएम और खनन विभाग की संयुक्त टीम ने एक बड़े ऑपरेशन को अंजाम दिया। इस छापेमारी में बालू माफियाओं को सेफ पैसेज देने वाले (रास्ता साफ कराने वाले) तीन शातिर ‘लाइनरों’ को एक लग्जरी कार के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है।
Rohtas लगातार मिल रही शिकायतों पर आधी रात को बिछाया जाल
रोहतास का मकराइन, डालमियानगर और अकोढ़ी गोला इलाका पिछले काफी समय से अवैध बालू परिवहन का मुख्य गढ़ बना हुआ था। स्थानीय स्तर पर लगातार मिल रही इनपुट्स और शिकायतों के बाद प्रशासन ने बेहद गोपनीय रणनीति बनाई। एसडीएम खुद मोर्चे पर उतरे और खनन विभाग के अधिकारियों के साथ मिलकर देर रात इन इलाकों की घेराबंदी कर दी।
Rohtas सफेद कार से हो रही थी माफियाओं की ‘लाइनिंग’, ऐसे खुली पोल
कार्रवाई के दौरान टीम ने देखा कि एक संदिग्ध सफेद रंग की कार बालू से लदे अवैध ट्रैक्टरों के आगे-आगे चल रही थी। पुलिस को देखते ही कार सवार भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन मुस्तैद जवानों ने उन्हें घेरकर दबोच लिया। जाँच में पता चला कि कार में सवार तीनों आरोपी ‘लाइनर’ के तौर पर काम कर रहे थे। इनका मुख्य काम पुलिस की लोकेशन पर नजर रखना और अवैध वाहनों को सुरक्षित रास्ता दिखाना था। पुलिस ने मौके से कार को जब्त कर लिया है।
Rohtas बालू माफियाओं में खलबली, एसडीएम ने दी खुली चेतावनी
इस अचानक हुई बड़ी कार्रवाई से पूरे रोहतास के बालू सिंडिकेट और माफियाओं में हड़कंप मच गया है। मामले पर सख्त रुख अपनाते हुए एसडीएम ने साफ तौर पर कहा कि यह तो सिर्फ शुरुआत है। जिले में अवैध खनन और परिवहन को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आने वाले दिनों में यह अभियान और तेज होगा ताकि इस अवैध नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त किया जा सके।
ये भी पढ़े: Dhar: ऐतिहासिक भोजशाला में महापूजा, हाईकोर्ट के फैसले के बाद 700 साल बाद प्रज्वलित हुई अखंड ज्योति

