Asan BarrageAsan Barrage
Spread the love

रिपोर्टर: गनेश सिंह

Asan Barrage : उत्तराखंड के विकासनगर स्थित आसन बैराज क्षेत्र से स्थानीय जनता के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर आई है। पिछले कई महीनों से मुख्य मार्ग बंद होने के कारण क्षेत्र के लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। इस गंभीर समस्या को मीडिया द्वारा प्रमुखता से उठाए जाने के बाद प्रशासन और संबंधित विभाग तुरंत हरकत में आ गए हैं और अब मौके पर एक सुरक्षित वैकल्पिक मार्ग का निर्माण कार्य तेज गति से शुरू कर दिया गया है।

Asan Barrage बंद रास्ते के कारण जान जोखिम में डालने को मजबूर थे लोग

दरअसल, जल विद्युत निगम द्वारा मुख्य मार्ग पर कराए जा रहे निर्माण कार्य की वजह से सड़क को अव्यवस्थित तरीके से बंद कर दिया गया था। मुख्य रास्ता बंद होने के कारण स्थानीय निवासियों, विशेषकर स्कूली बच्चों, महिलाओं और दोपहिया वाहन चालकों को बेहद खतरनाक स्थिति से गुजरना पड़ रहा था। लोग बैराज के नीचे नदी के पथरीले, कीचड़युक्त और जलभराव वाले रास्ते से जान जोखिम में डालकर आवाजाही करने को मजबूर थे, जिससे हर समय किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रहती थी।

Asan Barrage खबर का बड़ा असर, हरकत में आया प्रशासनिक अमला

स्थानीय लोगों की इस परेशानी और प्रशासनिक लापरवाही की खबर जैसे ही प्रमुखता से प्रसारित हुई, वैसे ही विभागीय अधिकारी और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि सक्रिय हो गए। आज सुबह से ही आसन बैराज गेट पुल के नीचे प्रशासन ने मुस्तैदी दिखाते हुए काम शुरू करवा दिया। इस नए वैकल्पिक मार्ग को विशेष रूप से पैदल यात्रियों और दोपहिया वाहनों के लिहाज से सुरक्षित और सुगम बनाने पर ध्यान दिया जा रहा है, ताकि लोगों को नदी के बीच से न जाना पड़े।

Asan Barrage जेसीबी से समतल किया जा रहा रास्ता, स्थानीय जनता ने ली राहत की सांस

फिलहाल मौके पर युद्धस्तर पर काम चल रहा है, जहां जेसीबी मशीनों और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की मदद से पथरीले और कीचड़ वाले रास्तों को समतल किया जा रहा है। जलभराव को रोकने के लिए पाइप डाले जा रहे हैं और मिट्टी व बजरी बिछाकर राहगीरों के लिए रास्ता तैयार किया जा रहा है। निर्माण कार्य की निगरानी के लिए विभागीय जूनियर इंजीनियर (JE) और कुंजा ग्राम पंचायत के प्रधान प्रतिनिधि वीर सिंह भी मौके पर मौजूद रहे। सुरक्षित रास्ता बनता देख स्थानीय ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है और प्रशासन के इस त्वरित कदम की सराहना की है।

ये भी पढ़े: Aniruddh Agarwal: IIT रुड़की से पढ़ाई कर फिल्मों में बना ‘शैतान’, दुर्लभ बीमारी ने बदल दी जिंदगी, आमिर खान की फ्लॉप फिल्म में भी आया नजर